पीड़िता पहुंची महिला आयोग, IPS अधिकारी के खिलाफ दी यौन उत्पीड़न की शिकायत

6/28/2018 12:52:13 PM

चंडीगढ़ (अर्चना): सोनीपत जिले के गुहाना तहसील की रहने वाली महिला ने पश्चिम बंगाल के आई.पी.एस. अधिकारी के खिलाफ यौन उत्पीड़न की शिकायत दी है। महिला ने हरियाणा राज्य महिला आयोग का दरवाजा खटखटाया है। महिला ने आयोग से शिकायत की है कि पश्चिम बंगाल के एडिशनल एस.पी. ऑपरेशंस (पुरूलिया) धृतिमान सरकार ने शादी का झांसा देकर उससे बलात्कार किया। आयोग की अध्यक्ष को दिए बयानों में महिला ने कहा है कि धृतिमान चूंकि पश्चिम बंगाल में उच्च पद पर नियुक्त हैं, इस वजह से संबंधित विभाग उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है। 26 मई 2018 को दिल्ली पुलिस ने धृतिमान के खिलाफ एफ.आई.आर. भी दर्ज की थी।

महिला ने आयोग की अध्यक्ष प्रतिभा सुमन को आपबीती सुनाते हुए कहा कि धृतिमान से उसकी मुलाकात फेसबुक के जरिए हुई थी और दोनों ने एक साथ आई.ए.एस. कोचिंग भी ली थी। महिला का कहना है कि कोचिंग के दिनों में वह दिल्ली के गर्ल्स हॉस्टल में रहती थी। आरोपी ने उसके समक्ष शादी का प्रस्ताव रखा था। महिला का कहना है कि उसने शादी के प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया था। आरोपी ने नशीली दवा खिलाकर उसका यौन उत्पीड़न किया। कोचिंग के बाद दोनों ने आई.ए.एस. की परिक्षा दी। आरोपी आई.पी.एस. बन गया जबकि महिला आई.ए.एस. परीक्षा उत्तीर्ण नहीं कर सकी। इसके बाद आरोपी ने महिला से शादी के प्रस्ताव को ठुकरा दिया। 

हालांकि इससे पहले आरोपी के परिवार ने उसके परिवार के साथ मिलकर 20 फरवरी 2018 को रोका की तिथि तय कर दी थी, परंतु 10 फरवरी को आरोपी ने शादी से इंकार कर दिया। हरियाणा राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष प्रतिभा सुमन ने कहा कि पश्चिम बंगाल के एडिशनल एस.पी. ऑपरेशन धृतिमान सरकार के खिलाफ दिल्ली पुलिस इंडियन पीनल कोड के सैक्शन 376, 328, 506, 509 के अंतर्गत मामला दर्ज कर चुकी है। आयोग मामले की जांच करने के बाद न सिर्फ पुलिस अधिकारी से बात करेगा बल्कि आगे की कार्रवाई भी करेगा। महिला ने आयोग के समक्ष पेश होकर अपने बयान दर्ज करवा दिए हैं।   

Nisha Bhardwaj