महिला आयोग अध्यक्ष ने किया जेल परिसर का निरीक्षण, महिला कैदियों से उनकी समस्याओं के बारे में पूछा

3/3/2022 9:01:40 AM

गुडग़ांव (ब्यूरो) : हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन रेनू भाटिया ने आज जिला गुरूग्राम के भौंडसी जेल परिसर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने महिला कैदियों से उनकी समस्याओं के बारे में पूछा। जिला कारागार में उन्होंने महिला कैदियों को जेल में दी जा रही मूलभूत सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान चेयरपर्सन को बताया गया कि जेल में वर्तमान में 69 महिला कैदी रह रही हैं। उन्होंने महिला कैदियों को खाने-पीने के लिए दिया जाने वाला भोजन व अन्य तथ्यों का निरीक्षण किया। 

निरीक्षण के दौरान महिला कैदियों से बातचीत करते हुए बताया कि उनका यहां आने का केवल एक ही उद्देश्य है कि वे महिला कैदियों की समस्याओं से रूबरू हो सकें व उनका निवारण कर सकें। यदि किसी भी महिला कैदी को यहां रहने में किसी प्रकार की कोई परेशानी हो, तो वे बेझिझक उन्हें बता सकती हैं। इसके अलावा, यदि किसी महिला कैदी को अपना कानूनी मार्गदर्शन के लिए वकील की जरूरत हो, तो उन्हें नियमानुसार वकील अवश्य दिया जाएगा। निरीक्षण के दौरान उन्हें बताया गया कि वर्तमान में 6 बच्चे जेल कारागार में रह रहे हैं जिनमें से 2 स्कूल जाने योग्य है।

भाटिया ने इन बच्चों के उचित खान-पान व मूलभूत सुविधाओं को लेकर भी वहां कार्यरत स्टाफ से बातचीत की। उन्होंने जेल प्रबंधन को बच्चों की शिक्षा संबंधी व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए एनजीओ से सहयोग लेने के लिए कहा। इसके अलावा, जेल प्रबंधन को कहा गया कि जो महिलाएं अपने बच्चों से लंबे समय से संपर्क में नही हैं, उनका अपने बच्चों से बातचीत करवाने की भी व्यवस्था करें। इस दौरान सभी कानूनी प्रावधानों का ध्यान रखा जाना अत्यंत आवश्यक है। निरीक्षण के दौरान महिला कैदियों ने चेयरपर्सन को अपने हाथों से बनाए हुए जूट के थैले व अन्य उत्पाद दिखाएं, जिससे वे खासी प्रभावित हुई। महिलाओं को चाहिए कि वे इस प्रकार के कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लें। इस दौरान जेल परिसर में महिलाओं की स्वास्थ्य देखभाल को लेकर स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया गया था। इस शिविर में महिलाओं ने अपने स्वास्थ्य की जांच करवाई। 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

 

Content Writer

Manisha rana