कठुआ कांड के विरोध में 17 अप्रैल को काला दिवस मनाएगी महिला कांग्रेस: सुमित्रा चौहान

4/14/2018 8:52:39 AM

चंडीगढ़(चंद्रशेखर धरणी): हरियाणा महिला कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सुमित्रा चौहान ने बताया कि उन्नाव व कठुआ कांड के विरोध में 17 अप्रैल को काला दिवस मनाया जाएगा। पार्टी प्रदेश कार्यालय में पत्रकारों को यह जानकारी देते हुए चौहान ने बातया कि महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सुष्मिता देव की अगुवाई में इस दिन कई राज्यों की महिलाएं काले कपडे पहनकर व  काला पटका बांधकर दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय को घेरेंगी। चौहान ने कहा कि भाजपा के राज में पूरे देश की महिलाएं असुरक्षित महसूस कर रही हैं। यू.पी. के उन्नाव और जम्मू-कश्मीर के कठुआ में हुए गैंगरेप के बाद देशभर में महिलाएं भय के माहौल में है।

प्रदेश महिला कांग्रेस 3 बड़े आयोजन करने की तैयारी में
सुमित्रा चौहान ने बताया कि महिला कांग्रेस ने प्रदेश में 3 बड़े आयोजन करने की तैयारी में है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष सुष्मिता देव की अध्यक्षता में हरियाणा में ‘महिला चौपाल’ का आयोजन होगा। इसमें देशभर के सभी राज्यों व केंद्रशासित प्रदेशों की महिलाएं शामिल होंगी। पंचायतों एवं निकायों की चुनी गई महिला प्रतिनिधियों की वर्कशॉप चित्रा सरवारा के नेतृत्व में आयोजित की जाएगी। महिला सशक्तिकरण पर भी पार्टी कार्यक्रम करेगी।

Rakhi Yadav