सर्वे करने गई स्वास्थ्य विभाग की महिला कर्मचारियों से की बदसलूकी, 4 गिरफ्तार

4/18/2020 12:46:46 PM

साेेनीपत(पवन राठी): दिल्ली से सटे हरियाणा के सोनीपत में स्वास्थ्य विभाग की महिला कर्मियों के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। शहर के राजेंद्र नगर में स्वास्थ्य विभाग की महिला कर्मियों के साथ छेड़छाड़ करने वाले चार युवकों को पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लिया। इसके लिए डीएसपी ने दो थानों की पुलिस के साथ घेराबंदी की, तब जाकर आरोपित पकड़ में आ सके।

स्वास्थ्य विभाग की टीम कालोनियों में जाकर स्वास्थ्य सर्वे कर रही हैं। इस क्रम में एक टीम बृहस्पतिवार शाम को राजेंद्र नगर गई थी। शाम को वहां से लौटते समय कुछ युवकों ने टीम की आशा व एएनएम कर्मियों के साथ बदसलूकी की थी। उन्हाेंने इसकी सूचना पुलिस को दी। 

शुक्रवार को डीएसपी डॉ. रविंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम गीता भवन चौक पर लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों की जांच कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली की स्वास्थ्य विभाग की टीम से छेड़छाड़ करने वाले युवक कालोनी में एक स्थान पर शराब पी रहे हैं। इसके चलते सिटी थाना पुलिस और महिला थाना पुलिस को साथ घेराबंदी की।

पुलिस को देखते ही आरोपित भाग निकले। पुलिस ने गलियों में उनका पीछा किया। दूसरी पुलिस टीम ने गलियों को पहले ही घेर लिया था। घेराबंदी में चार युवकों को दबोच लिया गया, जबकि उनको दो साथ भाग निकले। आरोपितों से सिटी थाने में पूछताछ की जा रही है।

Edited By

vinod kumar