स्वयं सहायता समूह की महिलाएं बनी मददगार, मास्क बनाकर जरूरतमंदों को कर रही भेंट

4/19/2020 12:48:17 PM

रेवाड़ी(महेंद्र): हरियाणा के रेवड़ी जिले में कोरोना वायरस के फैलाव को रोकने की मुहीम में प्रशासन व समाजसेवी संस्थाओं के साथ-साथ अब स्वयं सहायता समूह की महिलाएं भी अब आगे आ रही है। 

हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के जिला मिशन निदेशक एवं एडीसी राहुल हुड्डा के मार्गदर्शन में संचालित स्वयं सहायता समूह की महिलाएं कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई को जीतने में अहम भूमिका निभा रही है। खुद सुरक्षित रहें व दूसरों काे भी सुरक्षित रखने की अपील को सार्थक करते हुए महिलाओं द्वारा मास्क बनाए जा रहें है।

बता दें की स्वयं सहायता समूह ग्रुप की शुरुआत वर्ष 2015 में 10 महिलाओं से हुई थी बाद में यह संख्या बढ़कर 250 से ज्यादा हो गई। वर्ष 2018 में स्वयं सहायता समूह द्वारा 35 महिलाओं के लिए सिलाई केंद्र खोला गया, जहां 35 महिलाओं ने प्रशिक्षण लिया और आज वह सभी अपना परिवार स्वयं चला रहीं है। 

स्वयं सहायता समूह की ये महिलाएं रेवाड़ी जिले के गांव बोलनी स्थित बने सिलाई सेंटर में जाकर मास्क बनाने का कार्य प्रतिदिन सुबह 9 बजे से लेकर शाम 6 बजे तक कर रहीं है। वहीं ये महिलाएं अपने निजी ख़र्च से मास्क बनाने के लिए कपड़ा जुटा रही हैं। 

महिलाओं का कहना है की इस आपदा में एक दूसरे का सहारा बनकर मदद करनी चाहिए। ताकि देशभर में फैली इस कोरोना महामारी की जंग में भारत की जीत हो और कोरोना हार जाएं। स्वयं सहायता समूह की इन महिलाओं ने अब तक करीब 8,000 हजार मास्क बनाकर जरूरतमंद ग़रीब लोगों को निशुल्क भेंट कर चुकी है।इतना ही नहीं बल्कि इन महिलाओं द्वारा मास्क बनाते समय भी सोशल डिस्टेंस का भी ख्याल रखा जा रहा है। 

Edited By

vinod kumar