यमुनानगर में पुलिस से भिड़ी महिला प्रदर्शनकारी, कई थानों की पुलिस ने स्थिति पर पाया काबू(VIDEO)

10/26/2022 6:39:22 PM

यमुनानगर(सुरेंद्र): शहर में नगर निगम दफ्तर के बाहर धरना दे रहे प्रदर्शनकारियों का आक्रोश उस समय उबल गया, जब उन्हें पता चला कि कुछ अस्थाई कर्मचारी कूड़ा उठाने के लिए वहां आए हैं। इस दौरान पुलिस और महिलाओं के बीच झड़प भी हो गई और बीच बचाव करते हुए दोनों को हल्की चोटें भी आई हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि कोरोना काल जैसे बुरे वक्त में भी सफाई कर्मचारियों ने ईमानदारी के साथ अपना काम किया है। इसके बावजूद भी सरकार कर्मचारियों की मांगों को लेकर गंभीर नहीं है।

 

 

ट्रैक्टर-ट्राली के सामने खड़े होकर महिलाओं ने किया प्रदर्शन

 

प्रदर्शनकारी ने नगर निगम से यमुनानगर सिटी थाने की ओर पैदल मार्च शुरू कर दिया और जमकर नारेबाजी की। इस दौरान दो महिलाएं ट्रैक्टर-ट्राली के आगे खड़ी हो गई और पुलिसकर्मियों से भिड़ गई। इस झगड़े में दो महिलाएं को चोटें भी आई हैं। पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में भी लिया। विवाद बढ़ता देखकर कई थानों के पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने उनकी एक बात भी नहीं मानी। काफी देर बाद प्रदर्शनकारियों को समझाने में पुलिस सफल हुई। यमुनानगर सिटी थाने के एसएचओ कमलजीत सिंह ने कहा कि यदि सरकार की ओर से बातचीत को लेकर कोई बुलावा आएगा तो उन्हें जानकारी दे दी जाएगी।

 

 

21 सूत्रीय मांगों को लेकर बीते 8 दिन से हड़ताल पर हैं निगम कर्मचारी

 

गौरतलब है कि बीते 8 दिन से प्रदेशभर में सफाई और दमकल विभाग के कर्मचारी हड़ताल पर बैठे हैं। यमुनानगर में भी निगम कर्मचारियों की हड़ताल लगातार चल रही है। इसके चलते शहर की सफाई व्यवस्था का बुरा हाल है। सफाई कर्मचारियों ने अपनी 21 सूत्रीय मांगों को सरकार के पास भेजा हुआ है, लेकिन अभी तक प्रदेश सरकार की ओर के कर्मचारियों की मांगों को लेकर कोई कदम नहीं उठाया गया है।

 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Writer

Gourav Chouhan