बच्चों को दूध पिलाने के बाद सिटी अस्पताल में महिला की मौत

6/26/2019 9:20:25 AM

अम्बाला छावनी (जतिन): नागरिक अस्पताल में जुड़वा बच्चों को जन्म देने वाली महिला ने सिटी अस्पताल में अपने जुड़वा बच्चों को दूध पिलाने के बाद दम तोड़ दिया। फिलहाल दोनों बच्चों की परवरिश करने के लिए अभी कोई तैयार नहीं है। सूत्रों की मानें तो महिला लिव इन रिलेशनशिप में रह रही थी। महिला की मौत के बाद जब मामला गरमाया तो सी.डब्ल्यू.सी. की टीम भी सिटी अस्पताल पहुंची।
मामले को लेकर डाक्टर्स से पूछताछ में जुट गई। फिलहाल महिला की मौत पर से पर्दा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही उठेगा।

कैंट नागरिक अस्पताल की रिपोर्ट अनुसार महिला ने खुद का पता पोंटासाहिब निवासी बताया है। साथ ही पति का नाम भी रिपोर्ट में दर्ज करवाया है, मगर अब न तो जुड़वा बच्चों का पिता सामने आया है और न ही कोई और रिश्तेदार। जो महिला की मौत के बाद बच्चों को सम्भाले।

20-21 जून को नागरिक अस्पताल में हुई थी महिला भर्ती
अम्बाला छावनी के नागरिक अस्पताल में 20-21 जून को प्रसूति वार्ड में देर रात करीब 12.30 बजे एक महिला को सरकारी एम्बुलैंस लेकर आई थी। प्रसव पीड़ा को देखते हुए तड़के करीब 5.30 बजे महिला को नागरिक अस्पताल के ही ऑपे्रशन थियेटर में ले जाया गया, जहां पर महिला ने जुड़वा बच्चों (एक बेटा-एक बेटी) को जन्म दिया लेकिन दोनों बच्चे अंडर वेट होने के कारण उन्हें अम्बाला सिटी सिविल अस्पताल सुबह करीब साढ़े 8 बजे रैफ र कर दिया। इसके बाद रविवार को दोनों बच्चों को दूध पिलाने के लिए महिला को भी कैंट अस्पताल से अम्बाला सिटी भेजा गया। जहां पर मंगलवार की सुबह महिला की अम्बाला सिटी सिविल अस्पताल में मौत हो गई।

Isha