लोकसभा क्षेत्रों में होगी महिला अधिकार यात्रा : सुमित्रा

2/14/2019 10:16:28 AM

चंडीगढ़(पांडेय): लोकसभा चुनाव के दृष्टिगत अब हरियाणा महिला कांग्रेस भी तैयारियों में जुट गई है। इसके तहत न केवल महिला कार्यकत्र्ताओं व नेत्रियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा, बल्कि प्रदेश के सभी जिलों में महिला अधिकार सम्मेलनों का भी आयोजन किया जाएगा।प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आज पत्रकारों से बातचीत में हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष सुमित्रा चौहान ने बताया कि 20 व 21 फरवरी को पंचकूला में महिला प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जाएगा। 20 फरवरी को महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्षों, विधानसभा क्षेत्र संयोजकों व प्रदेश पदाधिकारियों को आगामी चुनाव के मद्देनजर प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, जबकि 21 फरवरी को महिला कांग्रेस की 178 ब्लॉक अध्यक्षों के लिए प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस शिविर के माध्यम से महिला नेत्रियों को चुनाव के दौरान अपनी उपस्थिति दर्ज करवाने, मीडिया प्रबंधन, बूथ प्रबंधन आदि के बारे में प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि शिविर के बाद 22 फरवरी से हरियाणा के सभी जिलों में महिला अधिकार सम्मेलनों का आयोजन किया जाएगा। सम्मेलनों के दौरान कांग्रेस पार्टी के साथ अधिक से अधिक महिला कार्यकत्र्ताओं को जोड़ा जाएगा। इसके बाद 5 मार्च से हरियाणा में क्रांति महिला अधिकार यात्रा का आयोजन किया जाएगा। यह यात्रा पंचकूला से शुरू होगी और प्रदेश के सभी लोकसभा क्षेत्रों से होकर निकलेगी। प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र को एक दिन दिया जाएगा। इस यात्रा के माध्यम से महिला कांग्रेस द्वारा शहरों में रोड शो किया जाएगा और ग्रामीण क्षेत्रों में महिला चौपाल का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों के आयोजन को सफल बनाने के लिए नीना राठी को क्रांति महिला अधिकार यात्रा का संयोजक बनाया गया है, जबकि सुधा भारद्वाज को पंचकूला में होने वाले 2 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का संयोजक व उपेंद्र कौर आहलूवालिया को महिला कांग्रेस के कार्यक्रम ‘मैं साहस हूं’ का संयोजक नियुक्त किया गया है।

Deepak Paul