बहादुरगढ़ में पानी की किल्लत से परेशान महिलाओं ने फोड़े मटके, सरकार के खिलाफ जमकर की नारेबाजी

11/13/2021 5:33:06 PM

बहादुरगढ़ (प्रवीण कुमार): बहादुरगढ़ में पीने के पानी की किल्लत से परेशान महिलाओं ने मटकी फोड़ कर अपना रोष जाहिर किया। महिलाओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अधिकारियों से दिन में दो बार पानी की सप्लाई देने की मांग की। दरअसल, महिलाएं पिछले 6 दिन से शहर में पीने के पानी की सप्लाई ठीक ढंग से नहीं होने के कारण परेशान हैं। महिलाओं का कहना है कि पूरे शहर में पिछले 6 दिन से जलापूर्ति नहीं की गई है। जिसकी वजह से उनके रोजमर्रा के कार्य प्रभावित हो रहे हैं। 

बहादुरगढ़ शहर का भूजल पीने लायक नहीं होने के कारण लोगों को और भी ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बहादुरगढ़ के वार्ड 18 के धर्म बिहार और विवेकानंद नगर की महिलाएं दोपहर को एकत्रित हुई और मटका फोड़ प्रदर्शन किया। महिलाओं ने जल आपूर्ति विभाग के अधिकारियों को पर शहर में ठीक ढंग से पानी की सप्लाई नहीं करने के आरोप लगाए हैं।

उन्होंने कहा कि अधिकारी सर्दी के मौसम में भी पानी की सप्लाई नहीं दे पा रहे हैं, तो गर्मी के मौसम में क्या करेंगे। पानी की सप्लाई नहीं होने के कारण लोगों के घरों के नल सूखे हुए हैं और जरूरी कार्य के लिए भी पानी खरीदना पड़ रहा है। 

वहीं वार्ड 18 के निवर्तमान पार्षद युवराज छिल्लर भी इस प्रदर्शन में शामिल हुए और सरकार से जल्द से जल्द पीने के पानी की सप्लाई ठीक ढंग से करवाने की मांग की। ताकि शहर के लोगों की समस्या का समाधान हो सके। इस संबंध में जब विभाग के अधिकारियों से बातचीत करने की कोशिश की गई तो उन्होंने कुछ भी बोलने से साफ मना कर दिया।

 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Writer

vinod kumar