लापरवाही पर बड़ी कार्रवाई: उद्घाटन के बाद भी शुरू नहीं कराया 1.81 करोड़ का काम, एक्सईएन निलंबित

punjabkesari.in Sunday, Jun 28, 2026 - 02:09 PM (IST)

फरीदाबाद : नगर निगम के एक्सईएन महेंद्र सिंह को वार्ड-16 में उद्घाटन के बाद भी निर्माण कार्य शुरू न कराने के मामले में हरियाणा सरकार ने निलंबित कर दिया। शहरी स्थानीय निकाय विभाग ने निगम आयुक्त को 7 दिन में पूरी चार्जशीट भेजने के निर्देश दिए हैं।

केंद्रीय राज्यमंत्री ने किया था उद्घाटन, ठेकेदार बैठा रहा हाथ पर हाथ
वार्ड-16 के विकास के लिए सरकार ने 1.81 करोड़ रुपए का बजट स्वीकृत किया था। इस राशि से इलाके की गलियों को पक्का करने, सीवर लाइन और पेयजल (पीने के पानी) की पाइपलाइन बिछाने का काम होना था।10 अप्रैल को खुद केंद्रीय राज्यमंत्री ने इन कार्यों का डिजिटल/भौतिक शुभारंभ किया था। निगम की ओर से टेंडर और वर्क ऑर्डर (Work Order) भी जारी कर दिए गए थे। यहाँ तक कि निर्माण सामग्री (रोड़ी, सीमेंट आदि) भी साइट पर पहुंच चुकी थी, लेकिन इसके बावजूद ठेकेदार ने काम शुरू नहीं किया और संबंधित अधिकारी मूकदर्शक बने रहे।

मेयर की शिकायत पर मुख्यमंत्री ने लिया एक्शन
इलाके में काम न शुरू होने से नाराज फरीदाबाद के मेयर प्रवीण जोशी ने इस मामले को गंभीरता से लिया। उन्होंने पहले नगर निगम आयुक्त को पत्र लिखकर इस सुस्ती पर आपत्ति जताई। जब नीचे के स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो मेयर ने सीधे प्रदेश के मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर पूरे मामले की शिकायत की और दोषी अधिकारियों पर एक्शन की मांग की। मुख्यमंत्री कार्यालय के दखल के बाद विभाग हरकत में आया और निलंबन के आदेश जारी किए गए।

7 दिन में मांगी चार्जशीट
शहरी स्थानीय निकाय विभाग ने साफ कर दिया है कि सरकारी काम में ऐसी ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निलंबित एक्सईएन महेंद्र सिंह के खिलाफ नियमों के तहत विभागीय जांच शुरू कर दी गई है और निगम आयुक्त को एक सप्ताह में रिपोर्ट सौंपनी होगी।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static