दाल फैक्टरी में उपकरण टूटकर गिरने से मजदूर की मौत, दो गंभीर(VIDEO)

9/11/2018 9:09:05 AM

सोनीपत(पवन राठी): सोनीपत के राई औद्योगिक क्षेत्र स्थित दाल फैक्टरी में देर शाम उपकरण टूटकर मजदूरों पर गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई और दो घायल हो गए। घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मूलरूप से बिहार के गांव राई का रहने वाला मनीष (19) राई औद्योगिक क्षेत्र स्थित दाल फैक्टरी में काम करता था। सोमवार देर शाम फैक्टरी में काम करते समय उपकरण स्टोरेज बीन (जिसमें तैयार दाल एकत्रित होती है) अचानक टूटकर नीचे गिर गया। जिससे वहां काम कर रहा मनीष, प्रयाग व कमल गंभीर रूप से घायल हो गए। 

स्टोरेज बीन के नीचे दबने से मनीष की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कमल व प्रयाग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। सूचना के बाद पहुंची राई थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल में भिजवा दिया है। मामले की सूचना के बाद डीएसपी पृथ्वी सिंह व राई थाना प्रभारी कुलदीप देशवाल मौके पर पहुंचे। उन्होने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद जांच शुरू कर दी है। पुलिस मामले की गहनता से तफ्तीश कर रही है। घायलों व मृतक के परिजनों के बयान पर कार्रवार्ई की जाएगी।


 

Rakhi Yadav