कामगार की गला घोटकर हत्या, बेेटे ने लगाया गला घोटने का आरोप

6/26/2022 10:36:06 AM

गोहाना :  हसनगड़ गांव में एक व्यक्ति की गला घोटकर हत्या कर दी। शनिवार को व्यक्ति का शव गांव की ही खाली जमीन पर पड़ा मिला। इसकी सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को शहर के नागरिक अस्पताल पहुंचाया। इसके साथ ही पुलिस ने मृतक के बेटे की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया । 
   
हसनगड़  गांव निवासी गौतम ने बताया कि उसका पिता धीर सिंह (50) शराब पीने का आदी था। वह शुक्रवार शाम को करीब 8 बजे घर से निकला था, जिसके बाद शनिवार सुबह तक घर वापस नहीं लौटा। शनिवार सुबह गोहाना में स्थित टी.वी.एस. कंपनी में ड्यूटी पर जाते समय उसकी मां राजकुमारी ने उसे फोन करके उसके पिता को गांव की ही खाली जमीन पर लेटे होने की सूचना दी। इसके बाद उसकी मां ड्यूटी पर चली गई और वह अपने पिता को लेने वहां पहुंचा। 
उसने जाकर अपने पिता को देखा तो उसके गले पर निशान था, जिसकी मौत हो चुकी थी। इस पर उसने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना के बाद पुलिस और एफ.एस.एल. की टीम ने घटनास्थल का जायजा लिया और शव को अस्पताल पहुंचाया। गौतम का आरोप है कि उसके पिता की किसी ने गला घोंट कर हत्या की है।

Content Writer

Isha