Worker Suicide Case : सफाई कर्मचारी आत्महत्या मामले में सुसाइड नोट ने खोले कई राज...4 लोगों पर FIR
punjabkesari.in Thursday, May 07, 2026 - 07:09 PM (IST)
कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा) : नगर परिषद थानेसर में कार्यरत सफाई कर्मचारी आत्महत्या मामले में नए खुलासे सामने आए हैं। पुलिस को मौके से मिले सुसाइड नोट में रमन ने अपनी मौत के लिए गुरमुख और ससुराल पक्ष को जिम्मेदार ठहराया है। वहीं परिजनों ने लिव-इन-रिलेशनशिप में रह रही महिला सहित चार लोगों पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं।
मृतक के पिता निवासी बहादुपुरा ने बताया कि उनका बेटा रमन कैथल निवासी के साथ रह रहा था। आरोप है कि सोनिया, जयभगवान, सफाई दरोगा गुरमीत और गुरमुख ने रमन से करीब साढ़े तीन लाख रुपए लिए थे। बताया गया कि यह रकम पत्नी से आपसी सहमति से तलाक करवाने के नाम पर दी गई थी।
परिजनों के अनुसार आरोपियों ने रमन पर मकान बेचने का दबाव भी बनाया। उनका कहना है कि रमन का मकान बेचकर पूरी रकम हड़पने की योजना बनाई जा रही थी। इसी तनाव के चलते रमन ने डेरा संता सिंह स्थित घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस को मिले सुसाइड नोट में रमन ने लिखा कि गुरमुख ने उससे साढ़े तीन लाख रुपए लिए, लेकिन न तो तलाक करवाया और न ही पैसे लौटाए। नोट में उसने लिखा कि “मेरे साथ धोखा हुआ है।” हालांकि रमन ने अपने बयान में यह भी लिखा कि सोनिया का इस मामले में कोई कसूर नहीं है।
मृतक के मामा ने आरोप लगाया कि रमन के साथ काम करने वाले कुछ लोग उसके मकान पर नजर रखे हुए थे। करीब 30 लाख रुपए में मकान बेचने के कागजात तक तैयार करवा लिए गए थे, लेकिन बाद में खरीदार को संदेह होने पर सौदा रुक गया। इसके बाद रमन को नौकरी में हाजिरी और अन्य मामलों को लेकर परेशान किया जाने लगा।
थाना सुभाष मंडी पुलिस चौकी के प्रभारी ने बताया कि बयान के आधार पर सोनिया, जयभगवान, गुरमुख और गुरमीत के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। सुसाइड नोट की हैंडराइटिंग समेत अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)