नगर पालिका व दमकल विभाग के कर्मचारियों का हल्ला बोल,  9 दिन की भूख हड़ताल पर बैठे

3/27/2023 6:51:41 PM

यमुनानगर (सुरेंद्र मेहता) : जिले में नगर पालिका और दमकल विभाग के कर्मचारी 9 दिन की भूख हड़ताल पर चले गए हैं। सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक कर्मचारी हड़ताल पर रहेंगे। उन्होंने सरकार पर वादाखिलाफी के आरोप लगाए हैं।

यमुनानगर के नगर निगम कार्यालय के बाहर नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा संबंधित सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा राज्य कमेटी के आह्वान पर नगर निगम क्रमिक भूख हड़ताल कर रहे हैं। अपनी मांगों को लेकर नगर निगम कर्मचारियों ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

पत्रकारों से बातचीत करते हुए सर्व कर्मचारी महासंघ के जिला प्रधान महिपाल ने बताया कि संघ और सरकार के बीच कई दौर की बातचीत हो चुकी है।  लेकिन सरकार वादा करके मुकर जाती है।  जिन मांगों पर सहमति बनी थी उनका भी पत्र परिपत्र आज तक जारी नहीं हुआ है। हमारी मुख्य मांगे हैं कि कच्चे कर्मचारियों को पक्का करो, ठेका प्रथा बंद करो, पुरानी पेंशन स्कीम लागू करो, 29 अक्टूबर 2022 के समझौते को लागू करो, 8 फरवरी 2023 के पत्र के अनुसार सफाई कर्मचारियों व सीवर मेनो को नियमित भर्ती प्रक्रिया से नियमित करो, डोर टू डोर के कर्मचारियों को बैंक के माध्यम से न्यूनतम वेतन दो, ESI , EPF लागू करो, बेगार प्रथा बंद करो, ठेके पर लगे कर्मचारियों को भी विभाग के रोल पर किया जाए। जिससे कर्मचारियों में भारी रोष है। अगर सरकार फिर भी नहीं मानती है तो इसकी पूरी जिम्मेवारी हरियाणा सरकार की होगी।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Editor

Mohammad Kumail