हरियाणा: केंद्र के सहयोग से कुरुक्षेत्र में बनेगा विश्व स्तरीय वर्चुअल म्यूजियम

6/29/2021 8:35:35 PM

चंडीगढ़ (धरणी): केंद्र व हरियाणा सरकार द्वारा संयुक्त रूप से कुरुक्षेत्र में  महाभारत व गीता से संदर्भित एक विश्वस्तरीय वर्चुअल म्यूजियम विकसित किया जाएगा। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने नई दिल्ली में हरियाणा की विभिन्न पर्यटन परियोजनाओं की प्रगति व कार्यों के संदर्भ में केंद्रीय पर्यटन राज्य मंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल के साथ बैठक की। बैठक में कुरुक्षेत्र, आदिबद्री, राखी गढी, साइंस सिटी,एडवेंचर टूरिज्म व कुछ अन्य बिंदुओं पर विचार- विमर्श हुआ।

बैठक के उपरांत मीडिया से बातचीत करते हुए केंद्रीय पर्यटन राज्य मंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल ने कहा कि हरियाणा सरकार की महाभारत व गीता से संदर्भित वर्चुअल म्यूजियम की मूल संकल्पना है। केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय भी इस संकल्पना से अत्यंत प्रभावित हुआ है। केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय व हरियाणा सरकार द्वारा संयुक्त रूप से कुरुक्षेत्र में महाभारत व गीता से संदर्भित एक विश्वस्तरीय वर्चुअल म्यूजियम विकसित किया जाएगा।

प्रह्लाद सिंह पटेल ने हरियाणा सरकार की प्रशंसा करते हुए कहा कि हरियाणा सरकार ने पर्यटन क्षेत्र में अपने स्वयं के संसाधनों से बड़े कार्य किए हैं। हरियाणा सरकार ने कृष्णा सर्किट-1 पूर्ण कर लिया है और कृष्णा सर्किट-2 की योजना तैयार की है।

मुख्यमंत्री मनोहर ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि केंद्रीय पर्यटन राज्य मंत्री द्वारा कई परियोजनाओं व बिंदुओं पर सहमति जताई गई है। बैठक में केद्रीय पर्यटन मंत्रालय के उच्चाधिकारियों के अलावा हरियाणा के मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव वी उमाशंकर और नगर एवं आयोजना विभाग हरियाणा के प्रधान सचिव एके सिंह भी मौजूद रहे।
 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Writer

Shivam