दहेज दानव का प्रकोप: मुंह मांगी रकम न मिलने से लड़के ने शादी करने से किया मना, रिश्ता टूटा

12/9/2021 11:43:10 PM

रोहतक (दीपक भारद्वाज): रोहतक जिले में एक दहेज में मुंह मांगी रकम न मिलने से रिश्ता तोडऩे का मामला सामने आया है। शादी से पहले लड़का पक्ष ने 10 लाख रुपये की मांग की। जब लड़की पक्ष ने यह मांग पूरी करने में असमर्थता जताई तो लड़के ने शादी करने से इंकार कर दिया। लड़की के पिता ने लड़के व उसके परिवार के नौ लोगों के खिलाफ दहेज निषेध एक्ट 4 व 6 के तहत मामला दर्ज करवाया है। जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित बेटी के पिता के अनुसार, पहले सब कुछ ठीक ठाक था लेकिन जैसे जैसे शादी की तारीख नजदीक आती गई वैसे वैसे ही लड़के पक्ष की डिमांड बढ़ती गई। अब रिश्ता होने के करीब एक साल बाद लड़के पक्ष ने दहेज न मिलने से शादी से इनकार कर दिया है।



लड़की के पिता ने बताया कि करीब एक साल पहले बेटी का रिश्ता भिवानी जिले जेवजीना गांव के रवि के साथ की थी। पहले दहेज को लेकर कोई मांग नहीं थी, लेकिन जैसे-जैसे शादी का समय नजदीक आया तो नकद राशि और बड़ी गाड़ी की मांग करने लगे। उन्होंने बताया कि लड़के के पिता ने रिश्तेदारों की सोने की अंगूठी देने की मांग की। उसने मांग मंजूर कर ली।

पीड़ित के मुताबिक, 21 नवंबर 2021 को शादी तय हुई, जिसकी पूरी तैयारी कर ली गई, तभी लड़के के परिवार वालों की मांग आई कि रोहतक के टॉप होटल में शादी करनी होगी। दस लाख नकद, सोने की 10 अंगूठी व एक टॉप मॉडल गाड़ी दें तो ही शादी करेंगे। वधू पक्ष ने जब नकद देने से मना कर दिया तो लड़के ने शादी से इनकार कर दिया। लड़की के पिता ने कहा कि उसका शादी से पहले ही लाखों रुपया खर्च हो गए है। अब वो और मांगें पूरी नहीं कर सकता, इसलिए लड़के पक्ष ने रिश्ता तोड़ दी।
 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Writer

Shivam