Weather Update: बर्फीली हवाओं का कहर, हिसार में रात्रि पारा पहुंचा 2 डिग्री

12/31/2021 11:36:35 AM

हिसार : पहाड़ी क्षेत्र में हो रही बर्फबारी के चलते उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। हरियाणा के मैदानी क्षेत्रों में रात्रि पारा 2 दिनों में 5 डिग्री सैल्सियस तक लुढ़क गया है। हिसार का रात्रि पारा 2.0 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5 डिग्री सैल्सियस कम है। मौसम विभाग ने अगले 2 दिनों के लिए मौसम में बदलाव का अलर्ट घोषित कर रखा है। इस दौरान धुंध और रात्रि के समय पाला पडऩे की संभावना है। 

भारतीय मौसम विभाग द्वारा दर्ज आंकड़ों के अनुसार हरियाणा में हिसार का रात्रि पारा सबसे कम रहा। इसमें 2 दिनों से लगातार गिरावट आ रही है। सामान्य से 5 डिग्री सैल्सियस नीचे पहुंचने से शाम होते ही ठंड का प्रकोप बढ़ गया। इससे बचने के लिए लोगों ने अलाव का सहारा लिया। हिसार के बाद करनाल का पारा कम रहा। जहां रात्रि पारा 3.2 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3 डिग्री सैल्सियस नीचे था। नारनौल, रोहतक, सिरसा, कुरुक्षेत्र, अम्बाला के रात्रि पारा में भी गिरावट बनी रही। गौरतलब है कि हिसार में दिसम्बर माह में रात्रि पारा जमाव बिन्दु तक पहुंच गया था। 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।) 

Content Writer

Manisha rana