असम बाढ़ पीड़ितों के लिए आगे आए पहलवान बजरंग पूनिया, एक लाख रुपए की मदद भेजी

7/19/2020 3:35:48 PM

सोनीपत (पवन राठी): ब्रह्मपुत्र नदी में आई बाढ़ इस वक्त असम में भयंकर तबाही मचा रही है। क्या इंसान, क्या जानवर सबकी हालत इस वक्त खराब है। यहां 33 में से 28 जिले बाढ़ से प्रभावित हैं। पिछले 7 हफ्तों में 70 से अधिक लोगों की जान इस बाढ़ की वजह से जा चुकी है। इस बीच बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए दुनिया के शीर्ष कुश्ती पहलवानों में शुमार एवं राजीव गांधी खेल रत्न अवॉर्ड से सम्मानित बजरंग पूनिया ने अपना हाथ आगे बढ़ाया है। उन्होंने बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए एक लाख रुपए की मदद भेजी है। बजरंग ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी।


बजरंग ने ट्वीट कर लिखा कि असम में 70 से अधिक लोग मारे गए। 48 लाख लोग प्रभावित, 30 जिले बाढ़ की चपेट में। काजीरंगा पार्क का 95% हिस्सा पानी के नीचे डूबा हुआ है। हमारा फर्ज बनता है, हमें असम राज्य की मदद करनी चाहिए। असम की मदद के लिए मैं 1 लाख रुपये का सहयोग करता हूं।

इससे पहले भी कई बार देश मे आपदा के समय सबसे पहले मदद को बजरंग सामने आ चुके हैं। उन्होंने कोरोना रिलीफ फंड में भी अपनी 6 महीने की सैलरी ट्रांसफर की है। पुनिया के इस प्रयास की केंद्रीय खेल मंत्री किरण रिजिजू ने जमकर तारीफ की थी।

 

 

Edited By

vinod kumar