UP में गलत सियासत कर रही है भाजपा:सुरजेवाला

5/30/2017 7:37:56 AM

हिसार (अरोड़ा):कांग्रेस के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने केरल में हुई गौवध की घटना को निंदनीय व दर्दनाक बताते हुए कहा कि ऐसे काम हमारे जीवनशैली का अंग नहीं हो सकते। ऐसे तत्वों का कांग्रेस में कोई स्थान नहीं है। इसलिए यूथ कांग्रेस ने तथाकथित कार्यकर्ताओं को निलंबित कर दिया है। उन्होंने कहा कि ‘‘भारत की गंगाजमुनी तहजीब और कांग्रेस पार्टी की संस्कृति किसी जीव के प्रति हिंसा तथा निर्दयता का कड़ा विरोध करती है, विशेषत: ‘गाय’, जिसका सब भारतीयों के हृदय में एक विशेष स्थान है।
साथ ही सुरजेवाला ने यह भी जोड़ा कि केरल की कु्रर घटना की सबसे पहले निंदा व कड़ी आलोचना कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने की।

उत्तरप्रदेश की भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि दुर्भाग्य से भाजपा सहारनपुर में हो रहे दलितों पर अत्याचारों व यू.पी. के मुख्यमंत्री द्वारा छुआछूत तथा घृणा की शर्मनाक घटनाओं से ध्यान भटकाने के लिए धुर्वीकरण की कुत्सित राजनीति कर रही है। इससे निंदनीय क्या हो सकता है कि यू.पी. के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रशासन ने छुआछूत के अपराध को अंजाम देते हुए गरीब दलित ‘मुसाहर’ समुदाय के व्यक्तियों को पहले साबुन से नहाने और फिर खुद पर परफ्यूम छिड़ककर मुख्यमंत्री के सामने जाने को मजबूर किया, ताकि उनके शरीर और कपड़ों की संभावित बदबू आदित्यनाथ तक न पहुंच सके।

सुरजेवाला ने भाजपा पर दोगली सियासत करते का आरोप लगाते हुए सवाल उठाया कि केंद्रीय भाजपा व गोवा की भाजपा सरकार मिलकर गोवा में एक बूचडख़ना चलाते हैं। इसी तरह से 27 मई को एक अन्य सहयोगी के बयान पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए केंद्रीय गृह राज्यमंत्री किरण रिजिजू ने आईजोल में कहा कि ‘‘मैं गाय का मांस खाता हूं, मैं अरुणाचल प्रदेश से हूं, क्या कोई मुझे रोक सकता है?’’ यही नहीं मेघालय, नागालैंड व मिजोरम की भाजपा इकाइयों ने भी सब्सिडाइज्ड बीफ की बिक्री के हक में अपना पक्ष सार्वजनिक तौर से रखा है।