खेल महाकुंभ में WWE रैसलिंग की कमान संभालेंगे 'द ग्रेट खली'

9/4/2017 11:41:54 AM

अम्बाला छावनी (जतिन):हरियाणा के खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा के बल पर विदेशों में डंका बजाते हुए कई पदक जीते हैं। सरकार खिलाड़ियों व खेलों के विकास के लिए बेहतरीन कार्य कर रही है। खिलाड़ी बचपन से ही खेलों में आगे निकल सकें, इसके लिए गांवों में खेल नर्सरियां तैयार की गई हैं। यह बात खेल मंत्री अनिल विज ने अपने निवास पर विश्व विख्यात पहलवान डब्ल्यू.डब्ल्यू.ई. रैसलर द ग्रेट खली से मिलते हुए कही। इस दौरान खेल मंत्री और ग्रेट खली के बीच 24 सितम्बर से करनाल में शुरू होने जा रहे खेल महाकुंभ को लेकर भी बातचीत हुई।

खेल मंत्री ने कहा कि स्वर्ण जयंती कार्यक्रम के तहत आयोजित इस खेल महाकुंभ को लेकर हरियाणा के खिलाड़ियों में रैसलिंग को लेकर उत्साह है। एक माह से भी अधिक चलने वाले इस महाकुंभ का समापन 28 अक्तूबर को हिसार में होगा।

16 विदेशी व 26 भारतीय रैसलर दिखाएंगे दमखम
खली ने कहा कि खेल महाकुंभ की ओपलिंग में रैसलिंग आकर्षण का केंद्र रहेगी तथा इस खेल से जुड़े खिलाड़ी अपनी प्रतिभा से सभी को आकर्षित करेंगे। रैसलिंग में 16 विदेशी और 26 भारतीय पहलवान दमखम दिखाएंगे। स्वास्थ्य मंत्री के मीडिया सलाहकार डॉ. अनिल दत्ता ने बताया कि खेल महाकुंभ में डब्ल्यू.डब्ल्यू.ई. रैसलिंग की कमान खुद द ग्रेट खली संभालेंगे। इस मौके पर खेल निदेशक जगदीप सिंह, डी.एस.ओ. अरुण कांत शर्मा सहित अधिकारीगण मौजूद रहे।