सोनीपत में यमुना ने लिया रौद्र रूप, जल्द ही दिखेगा दिल्ली में असर

7/30/2018 3:06:05 PM

सोनीपत(पवन राठी): सोनीपत में यमुना नदी अपने उफान पर रविवार शाम से बनी हुई है। वहीं तेज बहाव के कारण यमुना ने रौद्र रूप लेना शुरू कर दिया है। बता दें कि 28 जुलाई को हथिनी कुंड बैराज से यमुना में छोड़ा गया 6 लाख क्यूसेक से अधिक पानी सोनीपत पहुंच चुका है और जल्द ही यह दिल्ली में एंट्री करेगा। हरियाणा के सोनीपत जिले के डीसी ने दिल्ली सरकार को अलर्ट मैसेज किया है। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में पानी की मात्रा बढ़ सकती है।



वहीं सोनीपत और दिल्ली में हाई अलर्ट कर दिया गया। सोनीपत में यमुना के तेज बहाव की वजह से कैचमेंट एरिया में कटाव शुरू हो गया है। कटाव रोकने के लिए सोनीपत डीसी ने मौके पर पत्थर और तार लगाकर कटाव रोकने का प्रयास कार्य जारी किए हैं।

गौरतलब है कि हरियाणा के मुख्यमंत्री ने यमुना के जलस्तर को लेकर संबंधित अधिकारियों की एक बैठक ली थी। बैठक में अधिकारियों ने बताया कि हथिनीकुंड बैराज से जो 605949 क्यूसेक पानी निकल चुका है।संभावना है कि यह पानी सोमवार तक दिल्ली में अपनी दस्तक देगा। अधिकारियों का कहना है कि ऐसा माना जा रहा है कि इस पानी की रफतार चार किलोमीटर प्रति घंटा हैं।



हथिनी कुण्ड बैराज में जब 70,000 क्यूसेक से ज्यादा पानी हो जाता है तो हरियाणा में नहरें बंद कर दी जाती है और इससे ऊपर के पानी को बैराज के 18 दरवाजों के माध्यम से जाने दिया जाता है। इससे पहले वर्ष 2010 में इस बैराज से 8.05 लाख क्यूसेक पानी जा चुका है जबकि वर्ष 2013 में 7.5 लाख क्यूसेक पानी जा चुका है। 

Shivam