यमुनानगर में 50 किलो के अजगर ने जिंदा बकरी को बनाया शिकार...मचा हड़कंप, वन विभाग ने ऐसे बचाई जान
punjabkesari.in Monday, Jul 13, 2026 - 08:47 AM (IST)
यमुनानगर (परवेज खान) : यमुनानगर के भीलपुरा गांव में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब करीब 15 फीट लंबा और लगभग 50 किलो वजनी अजगर एक जिंदा बकरी को निगल गया। विशालकाय अजगर को देखकर ग्रामीणों के होश उड़ गए और पूरे इलाके में दहशत फैल गई। लोगों ने तुरंत इसकी सूचना वाइल्ड लाइफ विभाग को दी। वाइल्ड लाइफ विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद अजगर को सुरक्षित काबू में लिया।
रेस्क्यू के दौरान टीम ने सावधानीपूर्वक कार्रवाई की, जिसके बाद अजगर ने अपने पेट में निगली हुई जिंदा बकरी को उगल दिया। बकरी को बाहर निकलते देख मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली वाइल्ड लाइफ विभाग के अधिकारियों के अनुसार, अजगर जहरीला नहीं होता, लेकिन उसका आकार और ताकत बेहद खतरनाक हो सकती है। इसलिए ऐसे किसी भी वन्यजीव को देखकर घबराने या उसे नुकसान पहुंचाने के बजाय तुरंत वन विभाग को सूचना देना सबसे सुरक्षित तरीका है। भीलपुरा गांव की इस घटना का वीडियो भी अब चर्चा का विषय बना हुआ है।
ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने पहली बार इतने बड़े अजगर को इतनी नजदीक से देखा। वन विभाग की टीम ने सफल रेस्क्यू के बाद अजगर को सुरक्षित उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ने की प्रक्रिया शुरू कर दी। एक तरफ जहां जिंदा बकरी का अजगर के पेट से बाहर निकलना लोगों के लिए हैरानी का विषय बना, वहीं वन विभाग की त्वरित कार्रवाई ने एक बार फिर साबित कर दिया कि समय पर किया गया रेस्क्यू इंसानों के साथ-साथ वन्यजीवों की भी जान बचा सकता है।