कोरोना के कारण कावड़ यात्रा पर प्रतिबंध, यात्रा पर जाने वालों के खिलाफ होगी कानूनी कार्रवाई

7/7/2020 9:56:17 AM

यमुनानगर (सुरेंद्र मेहता): इस बार कावड़ यात्रा प्रतिबंधित रहेगी। कोई भी यात्री किसी भी रास्ते से हरिद्वार तक नहीं पहुंचेगा इसको लेकर यमुनानगर पुलिस व प्रशासन ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। वहीं सभी धार्मिक संस्थाओं की मीटिंग लेकर भी अधिकारियों ने दिशा नर्देश जारी किए हैं।  कोरोना महामारी के कारण इस बार कावड़ यात्रा पर पूरी तरह प्रतिबंध है। यही बात यमुनानगर पुलिस व प्रशासन द्वारा सामाजिक व धार्मिक संस्थाओं को समझाई जा रही है।

यमुनानगर के उपायुक्त मुकुल कुमार व पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल ने संस्थाओं के प्रतिनिधियों की बैठक में बताया की इस बार उत्तराखंड व उत्तर प्रदेश सरकार ने कावड़ यात्रा पर प्रतिबंध लगा दिया है। इसलिए ना तो कावड़ यात्रा होगी और ना ही कावड़ यात्रियों के लिए लगाए गए शिविर लगाए जाएंगे। 

अधिकारियों ने बताया कि सभी संस्थाओं को बता दिया गया है और आदेशों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि यमुनानगर से उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड जाने वाले रास्तों पर कड़ी निगरानी शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड सरकार ने भी आदेश जारी किए हैं कि जो भी व्यक्ति जल लेने हरिद्वार आएगा उसे 14 दिन के लिए क्वॉरेंटाइन किया जाएगा और इसका खर्चा भी उसी व्यक्ति से लिया जाएगा।

Isha