कपालमोचन मेला सम्पन्न, 4 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी

11/4/2017 11:38:36 AM

यमुनानगर(ब्यूरो): राज्य स्तरीय कपालमोचन मेला मध्य रात्रि कार्तिक स्नान के साथ सम्पन्न हो गया। इस दौरान 4 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने श्रद्धा की डुबकी लगाई। पारा 17 डिग्री से भी कम था। नंगे पांव सरोवरों की ओर जा रहे श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बनता था। सरोवर के किनारों पर दीप दान किया गया, जो दीवाली सरीखा माहौल बना गया। इसके अलावा यहां की रोशनी आकर्षण का केंद्र बनी रही। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिसबल भारी संख्या में तैनात था। डी.सी. रोहताश सिंह खरब, एस.पी. राजेश कालिया व मेला प्रशासन कम एस.डी.एम. बिलासपुर नवीन आहुजा स्वयं निरीक्षण करते रहे। 

उल्लेखनीय है कि कपालमोचन मेला 31 अक्तूबर को शुरू हो गया था। विधिवत इसकी शुरूआत 1 नवम्बर को अंबाला मंडल के आयुक्त विवेक जोशी ने की थी। शनिवार को स्थानीय श्रद्धालु माथा टेकने के लिए पहुंचेंगे। ध्यान रहे कपालमोचन ऐतिहासिक स्थल है। मेले के समय में यह मिनी पंजाब से कम नहीं होता। ध्यान रहे कपाल मोचन और ऋणमोचन तीर्थों के बीच एक प्राचीन अष्टकोण गुरुद्वारा है। कार्तिक पूर्णिमा के दिन गुरुनानक देव के पर्व गुरुपर्व को मानने वालों की सारी कामनाएं पूरी होने का वरदान दिया गया था। यही वजह है कि इस अवसर पर यहां लाखों गुरुभक्त आकर गुरुपर्व मनाते हैं। वहीं इतिहास में गुरु गोबिंद सिंह ने कपालमोचन के महन्त को हस्तलिखित पट्टा और ताम्रपत्र देने का उल्लेख भी है। इसके अलावा सूरजकुंड घाट और इसके साथ लगते मंदिर में धागा बांधकर हर मनोकामना पूरी होने का जिक्र है।