रोशनलाल आर्य को यशपाल मलिक से जान का खतरा!, हाईकोर्ट ने सरकार से मांगा जवाब

5/19/2017 2:28:27 PM

चंडीगढ़ (चंद्रशेखर धरनी):हरियाणा सर्वजन पार्टी के संस्थापक रोशनलाल आर्य ने जाट नेता यशपाल मलिक और उनके साथियों से जान का खतरा बताया है। आर्य ने सुरक्षा देने की गुहार भी लगाई है। आर्य द्वारा सुरक्षा मुहैया कराने को लेकर पंजाब हरियाणा हाईकोर्ट में दायर की गई चाचिका पर कोर्ट ने हरियाणा सरकार से जवाब मांगा है। कोर्ट ने याचिका पर सुनवाई करते हुए हरियाणा सरकार से 20 जुलाई तक जवाब देने के लिए नोटिस जारी किया है। 

आपको बता दें कि रोशनलाल आर्य जाट आरक्षण के खिलाफ बयान देते आए हैं। आर्य का कहना है कि जाट कमजोर वर्ग नहीं है हरियाणा में संपन्न होने के बावजूद उन्हें आरक्षण की क्या जरूरत है। जाटों के खिलाफ ही उन्होंने अपनी पार्टी भी बनाई है।

24 फरवरी को बनाई थी राजनीतिक पार्टी
पूर्व भाजपा नेता और हरियाणा बीज निगम के चेयरमैन रह चुके रोशनलाल आर्य ने 24 फरवरी को अपनी राजनीतिक पार्टी का एेलान किया था। चंडीगढ़ में प्रेस कांफ्रेंस करते हुए आर्य ने नई राजनीतिक पार्टी बनाई और उसका नाम हरियाणा सर्वजन पार्टी रखा। हालांकि इस पार्टी के अध्यक्ष का चयन अभी नहीं किया गया है, लेकिन आर्य की मानें तो वे राजकुमार सैनी को पार्टी का अध्यक्ष बनाना चाहते हैं और आर्य ने उन्हीं को 2019 चुनाव के लिए पार्टी का सीएम कैंडिडेट भी किया खा।