योगी के लेख से BJP का महिलाओं के प्रति नजरिया पता लगा:सुरजेवाला

4/18/2017 8:31:13 AM

हिसार (संजय अरोड़ा):अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने जारी एक वक्तव्य में कहा है कि एक ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ महिलाओं को न्याय और समानता देने की बात जोर शोर से करते हैं, तो वहीं योगी आदित्य नाथ अपनी वैबसाइट पर 12 अप्रैल 2017 को लिखे लेख में जिस तरह से महिलाओं की व्याख्या कर रहे हैं, उससे उनकी महिलाओं के प्रति मानसिकता का तो पता चलता ही है, वहीं भाजपा का दोहरा चरित्र भी साफ तौर पर उजागर होता है।

सुरजेवाला ने योगी आदित्य नाथ के लेख का उल्लेख करते हुए कहा कि इसमें मुख्यमंत्री ने लिखा है कि जैसे ऊर्जा को खुला व अनियंत्रित छोड़ दिया जाए तो वह व्यर्थ व विनाशक हो जाती है, उसी प्रकार यदि स्त्री को स्वतंत्र व मुक्त रखा जाए तो उसमें राक्षस के गुण आ जाएंगे, इसलिए स्त्री को उपयोगी रूप में संरक्षण और चैनलाईजेशन की जरुरत है। सुरजेवाला ने कहा कि अपने लेख में महिलाओं की इस प्रकार व्याख्या करते हुए योगी आदित्य नाथ देवी स्वरूप इस देश की नारियों का कितना सम्मान कर रहे हैं और उनके मन में नारी के प्रति क्या भाव है,यह स्पष्ट होता है। 

सुरजेवाला ने कहा कि योगी इतना कहने भर से ही संतुष्ट नहीं हुए और उन्होंने लिखा है कि यदि पुरूष में पुरूषोचित गुणों के साथ-साथ स्त्री के गुण आ जाएं तो वे देवता हो जाते हैं, परंतु यदि स्त्रियों में पुरूषों के गुण आ जाए तो वे राक्षस हो जाती हैं। रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ-साथ भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह व उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ से पूछना चाहते हैं 
कि इस देश की महिलाएं स्वावलंबी नहीं हो सकती।