ईंटों पर कार पलटने से युवक की मौत, कनाडा से आया था मृतक, 3 दिन पहले ही ली थी नई गाड़ी
punjabkesari.in Tuesday, Mar 04, 2025 - 07:50 PM (IST)

कैथल : कैथल में सोमवार रात दर्दनाक हादसा हो गया। जहां तेज रफ्तार कार हवा में उछलकर ईंटों पर पलट गई। इस हादसे में 18 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसकी हालत फिलहाल नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर परिजनों को घटना की सूचना दी गई है।
मृतक की पहचान सीवन निवासी अनमोल सिंह के रूप में हुई है। जो कि कनाडा में रहता था। मृतक अनमोल हाथ का ऑपरेशन कराने के लिए भारत आया हुआ था। जिस कार में हादसा हुआ उसे दोस्त ने 1 मार्च को ही नई खरीदी थी। हादसा किन कारणों से हुआ फिलहाल पता नही चल पाया है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरे खंगाल रही है।
नही लगा रखी थी सीट बेल्ट
पुलिस ने बताया कि मृतक अनमोल का दोस्त कैथल जिले के डोहर गांव का रहने वाला है। 1 मार्च को ही उसने नई स्विफ्ट कार खरीदी थी। सोमवार रात को दोनों पोलड़ गांव से गुजर रहे थे। कार को मृतक अनमोल ही बिना बेल्ट के चला रहा था। जबकि उसके दोस्त ने सीट बेल्ट लगाई हुई थी। रात करीब 11 बजे सड़क में बने गड्ढे के कारण कार अनियंत्रित हो गई। कार हवा में उछलकर सड़क किनारे रखी ईंटों के ढेर पर पलट गई।
आसपास के लोगों ने निकाला बाहर
तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों युवकों को कार से बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें सिविल अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने अनमोल को मृत घोषित कर दिया, जबकि उसके दोस्त को भर्ती कर लिया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
हाथ का ऑपरेशन करवाने आया था मृतक
घटना की सूचना पर परिजन अस्पताल में पहुंचे। मृतक अनमोल अपने माता-पिता के साथ इंग्लैंड में रहता था। जो कि वहां का स्थाई निवासी था। फिलहाल यहां हाथ की ऑपरेशन करवाने के लिए आया हुआ था। कुछ समय बाद उसे वापस कनाडा लौटना था। डेढ़ महीना पहले उसकी दादी की मौत हुई थी।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)