खाली प्लॉट में तखत पर मिला युवक का शव, पास ही खड़ी थी स्कूटी...10-15 मिनट में लौटने की बात कहकर निकला था हर्ष

punjabkesari.in Thursday, Oct 01, 2026 - 10:23 AM (IST)

पलवल(गुरदत्त): पलवल के कैंप थाना क्षेत्र से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां अलावलपुर चौक के नजदीक एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि युवक का शव एक खाली प्लॉट में पड़े तखत पर मिला, जबकि उसकी स्कूटी भी शव के पास ही खड़ी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी।

 मृतक युवक की पहचान गांव मांदकोल निवासी हर्ष के रूप में हुई है। पुलिस को दी शिकायत में हर्ष की बहन अंजलि ने बताया कि वह अपनी मां और भाई हर्ष के साथ फिलहाल श्याम नगर में किराए के मकान में रह रही है। अंजलि के मुताबिक, 29 सितंबर की शाम हर्ष स्कूटी लेकर घर से यह कहकर निकला था कि वह करीब 10 से 15 मिनट में वापस आ जाएगा। लेकिन देर रात तक जब हर्ष घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी।

 अगली सुबह परिजनों को सूचना मिली कि अलावलपुर चौक के नजदीक एक खाली प्लॉट में हर्ष की स्कूटी खड़ी है और पास में पड़े तखत पर एक युवक का शव मिला है। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे तो तखत पर पड़ा शव हर्ष का ही निकला। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सरकारी अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static