Fraud: युवक को स्पेन के बदले भेजा साउथ अफ्रीका, ठगे लाखों रुपए

punjabkesari.in Friday, Aug 18, 2023 - 12:38 PM (IST)

कैथल : आए दिन धोखाधड़ी के मामले सामने आ रहे है जहां कैथल जिले में युवक को स्पेन भेजने के नाम पर ठगो ने उसके पिता से 20 लाख रुपये हड़प लिए। रुपये लेने के बाद आरोपियों ने उसे स्पेन की बजाय दुबई और वहां से दक्षिण अफ्रीका भेज दिया। साथ ही उसे कमरों में बंद रखकर प्रताड़ित किया। जब पीड़ित परिवार के पास कोई रास्ता नहीं बचा तो उन्होंने अपने बेटे को दक्षिण अफ्रीका से वापस भारत बुला लिया। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। 

जानकारी के मुताबिक गांव थेह बनेड़ा निवासी बलबीर ने शिकायत दी कि वह खेती करता है। उसके बेटे साहिल के बेरोजगार होने के कारण वह काफी परेशान रहता था। इस दौरान उसी गांव के रहने वाले गुरबचन सिंह ने उसे कहा कि वह उसके लड़के को विदेश भिजवा देगा। इस पर गुरबचन ने उसे सुल्लर जिला पटियाला निवासी इंद्र पाल व कलसा जिला कुरुक्षेत्र निवासी विशाल वशिष्ठ से मिलवाया। ठगों ने कहा कि वह उसके लड़के को 20 लाख रुपये मे स्पेन भेज देंगे। कुछ दिन बाद उन्होंने 10 लाख रुपये एडवांस में दे दिए।

ठगों ने कहा कि 17 नवंबर 2022 को अपने लड़के को दिल्ली भेज देना उसकी वहां से फ्लाइट करवा देंगे। उसने अपने लड़के को ठगों के कहे अनुसार उनके दिए पते पर दिल्ली भेज दिया। दिल्ली में आरोपियों ने लड़के का पासपोर्ट अपने पास रख लिया और कहने लगे कि 20 नवंबर को उसकी फ्लाइट है। जब उसके बेटे को शक हुआ और आरोपियों से बातचीत की तो आरोपियों ने मिलकर साहिल के साथ मारपीट की और एक होटल के कमरे में बंद रखा। उसके बेटे से और पैसे की मांग करने लगे। आरोपियों ने उसके बेटे से 2000 यूरो ले लिए और कहने लगे कि 22 दिसंबर को उसे स्पेन भेज देंगे। फिर 22 दिसंबर को आरोपी उसके बेटे को एयरपोर्ट पर ले गए और वहां जाकर उसके लडक़े को पता लगा कि उसे स्पेन की बजाय दुबई भेजा जा रहा है। इस पर आरोपियों ने कहा कि वे दुबई से उसको स्पेन भेजेंगे। 

इसके बाद से साहिल से उनके परिवार का संपर्क टूट गया और कोई बात नहीं हुई। जब उसने आरोपियों से बातचीत की तो उन्होंने कहा कि लड़का स्पेन पहुंच गया है। बाकी पैसे जमा करवा दो। आरोपियों ने उससे 20 लाख रुपये ले लिए। 20 मार्च 2023 को उसके लडक़े का फोन आया और उसने बताया कि आरोपी उसे दक्षिण अफ्रीका ले गए हैं। इसके बाद उसने बेटे से बातचीत की और 24 मार्च को उसकी भारत की टिकेट करवा दी। 25 मार्च को उसका बेटा वापस भारत आ गया। इसके बाद उन्होंने गांव में पंचायत की तो आरोपियों ने कहा कि वे रुपये नहीं देंगे। साथ ही धमकी दी कि अगर दोबारा पंचायत की या पैसे मांगे तो उसे जान से मार देंगे। फिलहाल पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।) 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Manisha rana

Related News

static