युवक की गला घोंटकर हत्या, गांव में मचा हड़कंप

12/4/2020 3:47:40 PM

रेवाड़ी : जिले के गांव डहीना की ढाणी में एक युवक का शव मिलने पर हड़कंप मचा हुआ है। परिजनों ने इसे हत्या करार दिया है। मृतक की पहचान एक पुलिस कर्मचारी के बेटे डहीना निवासी मम्पू के रुप में हुई है। सूचना पाकर डी.एस.पी. अमित भाटिया दल-बल सहित मौके पर पहुंचे औऱ परिजनों से बातचीत कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के शरीर पर चोट के निशान मिलने के कारण इसे हत्या का मामला माना जा रहा है। 

गांव डहीना की बी.एस.सी. द्वितीय वर्ष का छात्र मम्पू बीती रात को एक समारोह में शामिल होने गया था। लेकिन जब देर रात तक वह नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरु की। तत्पश्चात बृहस्पतिवार की सुबह उसका शव गांव की ढाणी में पड़ा मिला। उसके शरीर पर चोट के निशान थे। अनुमान लगाया जा रहा है कि उसकी रस्सी से गला घोंट कर हत्या की गई है। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस से आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की है। पुलिस अब उस समारोह स्थल की वीडियों फुटेज के जरिए आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। 

थाना एस.एच.ओ. पवन कुमार ने कहा कि मृतक के पिता की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों के बारे में सुराग लगाने के लिए पुलिस टीम गठित की गई है। उम्मीद है कि हत्या के आरोपी जल्द पुलिस की गिरफ्त में होंगे।

Manisha rana