सावधान! आपकी फोटो पर है गिद्ध नज़र: फोटो एडिट कर महिला से ठगे पैसे, वायरल करने की धमकी

punjabkesari.in Sunday, Mar 15, 2026 - 07:53 PM (IST)

कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा): कुरुक्षेत्र शहर में एक विवाहित महिला की फोटो एडिट कर सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि आरोपी ने महिला की तस्वीरें फेसबुक से हासिल कर उन्हें एडिट किया और फिर केस वापस लेने का दबाव बनाते हुए परिवार से पैसे भी ठग लिए।

पीड़िता के भाई ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि कुछ समय पहले उसकी बहन की फेसबुक के माध्यम से गुरजेंट सिंह निवासी टोला नंगल, जिला अमृतसर (पंजाब) से जान-पहचान हुई थी। इस दौरान आरोपी ने उसकी बहन की कुछ तस्वीरें हासिल कर लीं। बाद में उन तस्वीरों को एडिट कर सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देने लगा। बताया गया कि आरोपी के खिलाफ साल 2022 में भी छेड़खानी, स्टॉकिंग और धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज हो चुका है। करीब दो साल पहले पीड़िता की शादी हो चुकी है और अब उसका आरोपी से कोई संपर्क नहीं है, लेकिन इसके बावजूद आरोपी लगातार उसे फोन कर परेशान कर रहा था।

शिकायत में कहा गया कि आरोपी ने धमकी दी कि यदि उसके खिलाफ दर्ज छेड़खानी का केस वापस नहीं लिया गया तो वह महिला की फोटो फेसबुक पर वायरल कर देगा। इसी डर के चलते आरोपी ने पीड़िता के परिवार पर दबाव बनाया और फोटो वायरल करने की धमकी देकर करीब डेढ़ लाख रुपये भी ठग लिए। आरोप है कि गुरजेंट सिंह ने अपने साथियों बलजीत सिंह, जोगराज सिंह और जसपाल सिंह के साथ मिलकर फोटो को एडिट किया और महिला को बदनाम करने की साजिश रची। फिलहाल पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static