गंदे नाले में मिला युवक शव, बेटी की दवाई लेने शामली से पानीपत आया था युवक

2/15/2022 10:23:43 AM

पानीपत: शहर के सनौली रोड स्थित बबैल नाका के पास गंदे नाले में एक युवक का शव पड़ा हुआ मिला। यह शव रविवार दोपहर बाद मिला था। शव मिलने के बाद उसकी पहचान नहीं हो पाई थी। जिसके बाद पुलिस ने शव को सिविल अस्पताल भिजवाया, जहां उसका पंचनामा भरवा कर शवगृह में रखवा दिया था। मृतक की पहचान के लिए पुलिस ने मृतक की फोटो को पड़ोसी जिलों एवं पड़ोसी राज्यों की पुलिस को भेजे थे। पुलिस मामले की आगामी कार्रवाई कर रही है।

जानकारी देते हुए शामली यूपी के रहने वाले धर्मबीर ने बताया कि उसके 31 वर्षीय भाई राजपाल की करीब एक साल पहले शादी हुई थी। वह खेतीबाड़ी करता था। उसकी एक माह की बेटी है। जिसका इलाज पानीपत के एक निजी अस्पताल से चल रहा है। बेटी की दवाई लेने के लिए वह 12 फरवरी की सुबह घर से पानीपत आया था। देर रात करीब 10 बजे तक परिजनों की उससे बातचीत होती रही, जिसमें वह पानीपत से शामली के रास्ते में होने के बारे में बता रहा था।

वह जल्द ही घर पहुंचने की बात कह रहा था। इसी बीच उसका मोबाइल फोन स्विच ऑफ आने लगा। जिसके बाद अगली सुबह यानि 13 फरवरी को परिजनों ने शामली थाना पुलिस को युवक की गुमशुदगी की शिकायत दी। पुलिस ने उन्हें रविवार को मिले अज्ञात युवक के शव की फोटो दिखाई। जिस पर परिजनों ने उसे पहचान लिया। परिजनों का लूटपाट के बाद हत्या का अज्ञात आरोपियों पर आरोप है।

Content Writer

Isha