कुरुक्षेत्र में युवक की मौत का 2 घंटे में खुलासा: हत्या नहीं, गाड़ी चढ़ने से गई जान, सीसीटीवी में कैद हुआ घटनाक्रम

punjabkesari.in Friday, Nov 20, 2026 - 12:00 PM (IST)

कुरुक्षेत्र(रणदीप): कुरुक्षेत्र में आयुष यूनिवर्सिटी के समीप एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने दो घंटे के भीतर बड़ा खुलासा किया है। शुरुआती जांच और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि युवक की मौत हत्या नहीं, बल्कि उसके ऊपर गाड़ी चढ़ जाने से हुई है।

कैसे सामने आया पूरा घटनाक्रम?
पुलिस के अनुसार, कंट्रोल रूम से सूचना मिलने के बाद एसएचओ सिटी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची तथा घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बताया कि युवक को उसके कुछ दोस्त घर से बुलाकर ले गए थे। इसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सीआईए (CIA) और एसएचओ की टीम ने जांच शुरू करते हुए संबंधित युवकों को पूछताछ के लिए राउंडअप किया।

शराब के नशे में था युवक, गिरने के बाद लिटाया एक तरफ
पूछताछ में सामने आया कि सभी युवक शराब के नशे में थे और कढ़ी-चावल खाने के लिए कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे थे। वहां दस रुपये का कूपन लेकर युवक खाना लेने गया तो प्लेट उठाते समय वह नीचे गिर पड़ा। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे उठाकर एक तरफ लिटा दिया।

गाड़ी चढ़ने से गई जान, चालक फरार
पुलिस के मुताबिक, कुछ देर बाद वहां से गुजर रही एक गाड़ी युवक के ऊपर चढ़ गई और चालक मौके से फरार हो गया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने फुटेज परिजनों को भी दिखाई, जिसके बाद परिवार ने जांच व घटनाक्रम को लेकर संतुष्टि जताई।

चालक की लापरवाही पर कार्रवाई, पोस्टमार्टम का इंतजार
पुलिस का कहना है कि यदि वाहन चालक टक्कर मारने के बाद गाड़ी रोककर घायल को अस्पताल पहुंचाता तो संभव है कि उसकी जान बच जाती। फिलहाल पुलिस फरार वाहन चालक की लापरवाही को लेकर कार्रवाई कर रही है, जबकि शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static