हिसार-दिल्ली NH -9 पर भीषण सड़क हादसा, ट्रक में घुसी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो...उड़े परखच्चे; मौके पर युवक ने तोड़ा दम
punjabkesari.in Monday, Aug 24, 2026 - 12:14 PM (IST)
हांसी (संदीप सैनी) : हांसी में हिसार-दिल्ली नेशनल हाईवे -9 पर रविवार रात तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर ट्रक के पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और पूरी गाड़ी ट्रक के नीचे जा फंसी। हादसे में स्कॉर्पियो सवार एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरे युवक को मामूली चोटें आईं।
हादसे की सूचना मिलते ही डायल 112 और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। स्कॉर्पियो ट्रक के नीचे फंसी होने के कारण दोनों वाहनों को हटाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। ट्रक और स्कॉर्पियो को सड़क से नीचे उतारकर रास्ता खाली करवाया गया।
डायल 112 इंचार्ज रामपाल ने बताया कि सड़क हादसे की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर स्कॉर्पियो में दो युवक सवार मिले। रामपाल के अनुसार, स्कॉर्पियो सवार दोनों युवक बीयर पी रहे थे, जबकि ट्रक चालक के भी शराब के नशे में होने की बात सामने आई है। प्राथमिक जांच में स्कॉर्पियो की रफ्तार काफी तेज बताई जा रही है। इसी दौरान स्कॉर्पियो ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराई।