दरवाजा तोड़कर घर में घुसे युवकों ने नाबालिग के साथ किया सामूहिक दुष्कर्म, दो गिरफ्तार

2/18/2023 3:10:36 PM

सोनीपत (सन्नी मलिक) : जिले के राई थाना क्षेत्र के एक गांव से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। एक घर में घुसकर तीन युवकों ने किशोरी के साथ दुष्कर्म कर डाला। किशोरी की मां ने मामले की शिकायत पुलिस को दी है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

मूलरूप से बिहार की रहने वाली महिला ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ राई थाना क्षेत्र के एक गांव में किराये के मकान में रहती है और मेहनत मज़दूरी कर अपना गुजारा करते हैं।  महिला व उसका पति दोनों काम पर गए हुए थे। घर पर उनकी नाबालिग बेटी अकेली थी। इस बीच दो युवक तुषार व नवीन अपने एक दोस्त के साथ दीवार फांदकर उनके घर में घुस गए। उनकी बेटी ने दरवाजा बंद कर लिया, लेकिन तीनों के दरवाजे पर लात मारने से कुंडी खुल गई। तीनों ने उनकी बेटी के साथ दुष्कर्म किया और परिवार को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। उसके बाद भाग गए। पीड़िता ने अपने पिता को फोन कर घटना की जानकारी दी। पीड़िता का पिता व मां घर आए। इसके बाद राई थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने बेटी का मेडिकल कराया, जिसमें दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। राई थाना में महिला के बयान पर सामूहिक दुष्कर्म की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। 

राई थाना प्रभारी बदन सिंह ने बताया कि राई थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की के साथ गैंगरेप की शिकायत दी गई है। जिसमें घर में घुसकर नाबालिक के साथ दुष्कर्म जैसी वारदात को अंजाम दिया गया है। शिकायत के तुरंत बाद मामला दर्ज कर लिया गया है। वहीं लड़की का मेडिकल भी करवा दिया गया है। मजिस्ट्रेट के सामने लड़की के बयान भी हो चुके हैं। मामले में कार्रवाई करते हुए  दो आरोपियों तुषार व नवीन को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों आज अदालत में पेश करेगी। तीसरा आरोपी फरार है, जल्द से जल्द उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Writer

Gourav Chouhan