बेअदबी का सनसनीखेज मामला, नंगे सिर और शराब के साथ गुरुद्वारा साहिब में दाखिल हुआ युवक
punjabkesari.in Thursday, Apr 09, 2026 - 04:05 PM (IST)
फतेहाबाद: गांव एमपी रोही के गुरुद्वारा साहिब में मंगलवार देर शाम बेअदबी का एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। गांव के ही एक युवक, जिसकी पहचान गुरप्रीत सिंह के रूप में हुई है, पर गुरु ग्रंथ साहिब के पावन स्वरूप के साथ छेड़छाड़ करने का आरोप लगा है। सेवादारों की मुस्तैदी के कारण एक बड़ी अनहोनी टल गई और आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया।
गुरुद्वारा प्रधान रणजीत सिंह द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम जब सेवादार मौजूद थे, तभी गुरप्रीत सिंह गुरुद्वारा साहिब के भीतर दाखिल हुआ। मर्यादा के उलट वह नंगे सिर था और उसके हाथ में शराब की बोतल व एक गिलास था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वह सीधे दरबार साहिब में पहुँचा और वहां रखे रुमाला साहिब के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी।
आरोपी की हरकतें यहीं नहीं रुकीं। दरबार साहिब में अभद्रता करने के बाद वह सचखंड साहिब (वह स्थान जहाँ गुरु ग्रंथ साहिब के स्वरूप विश्राम के लिए रखे जाते हैं) में घुस गया। आरोप है कि उसने वहां गुरु ग्रंथ साहिब के पावन स्वरूप को उठाने और मर्यादा भंग करने की कोशिश की। मौके पर मौजूद सेवादारों ने तुरंत उसे काबू किया और घटना की सूचना पुलिस को दी।
पुलिस की कार्रवाई और तनाव
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुँची और आरोपी को अपनी हिरासत में ले लिया। इस घटना के बाद सिख समाज और स्थानीय ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है। गुरुद्वारा प्रबंधन और संगत ने आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।