रैली में हिस्सा लेने आ रहे युवक की टिप्पर की चपेट में आने से मौत(VIDEO)

8/21/2018 11:59:10 AM

अंबाला(अमन कपूर): अंबाला में आज राजीव गांधी के जन्मदिवस के मौके पर कांग्रेस द्वारा संकल्प रैली का आयोजन किया गया। लेकिन रैली में हिस्सा लेने आ रहे एक युवक की टिप्पर की चपेट में आने से मौत हो गयी। जिसके बाद रैली को रद्द करना पड़ा। इस मौके पर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर मृतक युवक के परिजनों से मिले और रैली स्थल पर पहुंच राजीव गांधी के लिए 2 मिनट का मौन रख रैली को स्थगित करने की घोषणा कर दी। 

अंबाला में कांग्रेस की संकल्प रैली में आज अव्यवस्था देखने को मिली। पहले तो आयोजक भीड़ नही जुटा पाए जिससे रैली में लगातार देरी होती रही। युवक की मौत के बाद गुस्साए उसके साथियों ने टिप्पर के शीशे तोड़ डाले। मौत की सूचना जैसे ही कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर तक पहुंची तो उन्होंने परिजनों से मिल युवक की मौत पर दुःख प्रकट किया।

 तंवर युवक के परिजनों से मिलने के बाद जैसे ही रैली स्थल की तरफ बढ़े तो रैली में युवको के 2 गुट आपस में भीड़ गये, जिसके बाद रैली में अव्यवस्था फ़ैल गयी। तंवर ने कहा कि इसके लिए माईनिंग माफिया व पुलिस जिम्मेवार है। जो भीड़-भाड़ वाले इलाको में चेकिंग करती है। यह युवक चालान से बचने के लिए मुड़ा था व हादसे का शिकार हो गया। 

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर ने कहा कि कल से उनकी साईकिल यात्रा शुरू हो रही है। इसके  जरिये वे राफेल डील घोटाले को जन-जन तक पहुंचाने का काम करेंगे। पंजाब सरकार में कैबिनेट मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू द्वारा पाकिस्तान आर्मी के चीफ को गले मिलने पर विवाद लगातार जारी है।  

जहां पंजाब के मुख्यमंत्री ने सिद्धू के पाक आर्मी चीफ को गले मिलने पर एतराज जताया गया है। वहीं अशोक तंवर सिद्धू के साथ खड़े दिखाई दिए। उन्होंने कहा बड़ा आदमी करे तो उसको नजरंदाज किया जाता है उससे छोटा आदमी करे तो लोग उस पर बोलना शुरू कर देते हैं। तंवर ने कहा वो सिद्धू के साथ है देश के सैनिको को मरवाने का काम सरकार कर रही है। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमन्त्री अटल बिहारी वाजपेयी भी लाहौर गये थे। 

Rakhi Yadav