युवक ने महिला का रास्ता रोककर की बदसलूकी, दी जान से मारने की धमकी

2/29/2020 9:37:05 AM

अम्बाला शहर (कोचर) : छावनी से सटे गांव में पड़ोस के ही एक युवक ने पहले तो महिला का रास्ता रोका और फिर उसके साथ बदसलूकी की। बाद में महिला ने जब यह बात अपने पति को बताई तो युवक ने उन दोनों के साथ झगड़ा करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इस बारे में महेशनगर थाना पुलिस को शिकायत दी गई लेकिन मामला महिला से छेडख़ानी होने के कारण शिकायत महिला थाने शहर में भेज दी गई।

इस मामले में अम्बाला शहर महिला थाने में युवक के खिलाफ मारपीट, छेडख़ानी व जान से मारने की धमकी समेत अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज कर दिया है। पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़िता ने बताया कि उनके पड़ोस में ही रहने वाला युवक रणधीर पिछले कई दिनों से उसे परेशान कर रहा था। पीड़िता गली से गुजर रही थी तो युवक उसे पहले तो बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और फिर उसके साथ बदसलूकी करते हुए छेडख़ानी करने लगा।

जब पीड़िता ने उसे मना किया तो उसने उसे यह बात किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देते हुए बदनाम करने की बात कही। पीड़िता ने घर पहुंचकर अपने पति को सारी बात बताई जिसके बाद युवक ने दम्पति के साथ झगड़ा करते हुए फिर से उन्हें धमकी दी। इसके बाद पुलिस को शिकायत दी गई जिसके बाद अब महिला थाने में केस दर्ज किया गया है। 

Isha