घर में सो रही 14 वर्षीय नाबालिग को उठा ले गया युवक, फिर किया दुष्कर्म(VIDEO)

6/26/2020 3:42:25 PM

पलवल (दिनेश): हरियाणा में बेटियों के सुरक्षित होने का भाजपा सरकार का दावा फेल होता नजर आ रहा है। प्रदेश में लगातार रेप के मामले सामने आ रहे हैं। ताजा मामला पलवल से सामने आया है। यहां घर में सो रही 14 वर्षीय नाबालिग लडक़ी का रात के समय एक युवक ने अपहरण कर लिया और अपने घर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं दुष्कर्म की बात किसी को बताने पर आरोपी ने पीडि़ता को जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित के परिवार ने इसकी शिकायत को पुलिस को दी। महिला थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर नामजद आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

महिला थाना प्रभारी अंजू ने बताया कि नाबालिग लड़की ने शिकायत दर्ज कराई है कि 21 जून की रात को वह परिवार के साथ घर में सोई हुई थी। इस दौरान रात के समय गांव रनसीका निवासी मौसीम उसे अगवा कर अपने घर ले गया, जिसके बाद उसने उसके साथ दुष्कर्म किया। 

दुष्कर्म की बात किसी को बताने पर आरोपी ने पीड़िता को जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बाद 24 जून की रात को 2 बजे भी आरोपी पीड़िता को अगवा कर अपने घर ले गया और फिर उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपी से तंग आकर पीड़िता ने आपबीती अपनी मां को बताई। परिजनों की मदद से पीड़िता ने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने पीडि़ता की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी है।

Edited By

vinod kumar