ऑनर किलिंग: प्रेम प्रसंग में युवक की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या, गुप्तांग पर भी किए वार

11/10/2021 10:44:43 PM

गोहाना (सुनील जिंदल): हरियाणा के गोहाना में ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है। यहां प्रेम प्रसंग के चलते लड़की के परिजनों ने उसके प्रेमी की बड़ी बेहरमी से हत्या कर दी है। मृतक की पहचान बिजेंद्र उम्र 24 साल निवासी गांव भावड़ के रूप हुई है। युवक के शरीर पर गहरे चोट के निशान मिले हैं। यहीं नहीं आरोपियों द्वारा हैवानियत की हदें भी पार की गई हैं। युवक के गुप्तांग पर हथियार से वार किया गया है। इसके साथ आंत भी बाहर निकली हुई मिली है। 



आरोपी कल शाम 5 बजे पिटाई के बाद गंभीर हालात में गोहाना हॉस्पिटल में छोड़ गए, जहां घायल युवक ने कुछ मिनटों में दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि मृतक बिजेंद्र अपनी प्रेमिका संग घर से भाग कर शादी करना चाहता था। लड़की गांव शामड़ी के रहने वाली है। उसके परिजन इस प्रेम प्रसंग से नाराज थे। जिसके चलते उन्होंने युवक की हत्या कर दी। मृतक युवक के परिजनों को लड़की के परिजनों ने ही जानकारी दी उसे गोहाना अस्पताल में छोड़ कर आए हैं। इस पर युवक के परिजन जब अस्पताल में आए तो तब तक बिजेंद्र दम तोड़ चुका था। बिजेंद्र की हत्या के बाद परिवार सदमे में है। वह गुरुग्राम में एक निजी कंपनी में काम करता था। एक साल पहले फेसबुक के जरिए वह शामड़ी गांव की रहने वाली लड़की के संपर्क में आया था। दोनों का एक साल से ही प्रेम प्रसंग चल रहा था।  



इस बारे बरोदा थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि हमारे पास पहले सूचना मिली थी एक्सीडेंट से घायल होकर अस्पताल में भर्ती हुआ है, लेकिन बाद में पता चला कि इसकी हत्या की हुई है। मृतक का नाम बिजेंद्र है, जो भावड़ गांव का रहने वाला था। इसके परिजनों ने बताया कि गांव शामड़ी की रहने वाली लड़की से एक साल से उसका प्रेम प्रसंग चल रहा था। ये दोनों घर से भागने की फिराक रहे थे, लेकिन रास्ते में लड़की के परिजनों ने उन दोनों को पकड़ लिया। इसके बाद उन्होंने लड़की को घर छोड़ दिया, जबकि बिजेंद्र की हत्या कर दी। उन्होंने कहा कि हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Content Writer

vinod kumar