सोनीपत में अवैध संबंध के शक में युवक की हत्या, आरोपियों ने पिता को कॉल कर सुनाई बेटे की चीखें
punjabkesari.in Sunday, Jun 28, 2026 - 01:58 PM (IST)
सोनीपत (सन्नी मलिक) : सोनीपत जिले के गांव जठेड़ी में किराए पर रह रहे युवक की प्रेम प्रसंग के शक में लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई। युवक के पिता का आरोप है कि आरोपी पक्ष ने पहले बेटे को जान से मारने की धमकी दी थी और वारदात के बाद कॉल कर कहा कि उनके बेटे को खत्म कर दिया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर हत्या की धारा में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
जानकारी के मुताबिक यूपी के जिला मेरठ जिले के गांव खंदावली निवासी शिव कुमार ने राई थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है कि उनका 26 वर्षीय बेटा विशाल राई औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक कंपनी में कार्यरत था और गांव जठेड़ी में किराये के कमरे में रहता था। उसी के पड़ोस में ओमवीर भी अपने परिवार के साथ किराए पर रहता था। दोनों परिवारों के बीच अच्छे संबंध थे और एक-दूसरे के घर आना-जाना भी था।
शिकायतकर्ता के अनुसार मार्च से ओमवीर को अपनी पत्नी दर्शन और विशाल के बीच प्रेम प्रसंग होने का शक हुआ था। इसी बात को लेकर ओमवीर ने फोन कर उन्हें बेटे को समझाने की बात कही थी और धमकी दी थी कि यदि ऐसा हुआ तो वह विशाल को जान से मार देगा। शिव कुमार ने बताया कि शनिवार रात को उनके मोबाइल पर एक नंबर से कॉल आई। कॉल पर अनुज उर्फ तनुज बोल रहा था। इस दौरान उन्हें फोन पर बेटे विशाल के रोने और चीखने की आवाजें सुनाई दे रही थीं, जबकि पीछे से दो-तीन अन्य लोगों की आवाजें भी आ रही थीं, जो कह रहे थे कि तुम्हारे बेटे को खत्म कर दिया है और उसे उठाकर ले जाओ। सूचना मिलने पर जब परिजन देर रात राई पहुंचे तो पता चला कि विशाल की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई है।
घटना की सूचना मिलते ही एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया गया। एफएसएल प्रभारी डॉ. रवि ने टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया और खून से सनी मिट्टी तथा शव से कुछ दूरी पर पड़े दो बांस के डंडों को कब्जे में लेकर पुलिस को सौंपा। पुलिस ने घटनास्थल का ई-साक्ष्य भी तैयार कराया। बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल सोनीपत की मोर्चरी में रखवा दिया गया। पुलिस ने विशाल के पिता शिव कुमार की शिकायत और घटनास्थल के निरीक्षण के आधार पर आरोपी तनुज उर्फ अनुज तथा उसके अन्य साथियों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)