कुत्ते के काटने के बाद भौंकने और लोगों के पीछे भागने लगा युवक, मोहल्ले में भय का माहौल; वीडियो वायरल
punjabkesari.in Saturday, Jun 20, 2026 - 12:18 PM (IST)
कैथल (जयपाल रसुलपुर) : शहर के वार्ड नंबर-28 स्थित कुंज मोहल्ला में एक 22 वर्षीय युवक के असामान्य व्यवहार का वीडियो वायरल होने के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। मोहल्लावासियों का दावा है कि कुछ दिन पहले युवक को एक कुत्ते ने काट लिया था, जिसके बाद उसके व्यवहार में बदलाव आ गया। वायरल वीडियो में युवक कुत्तों की तरह आवाजें निकालता और लोगों के पीछे भागता दिखाई दे रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार 17 जून की रात युवक ने कुछ लोगों को काटने का भी प्रयास किया, जिसके बाद परिवारों में भय का माहौल बन गया। लोगों का कहना है कि बच्चे और महिलाएं घरों से बाहर निकलने में भी डर महसूस कर रहे हैं। वार्ड पार्षद मोहन लाल शर्मा ने बताया कि मामले की शिकायत सिटी थाना पुलिस और नगर परिषद को दी गई है। उन्होंने बताया कि सूचना मिली थी कि पुलिस युवक को नागरिक अस्पताल लेकर गई थी, लेकिन बाद में वह वहां से चला गया। फिलहाल युवक का कोई पता नहीं चल पाया है। मोहल्लावासियों का कहना है कि युवक में रेबीज जैसे लक्षण दिखाई दे रहे हैं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। चिकित्सकों का कहना है कि यदि किसी व्यक्ति को रेबीज संक्रमित पशु ने काटा हो और समय पर उपचार न मिले तो गंभीर लक्षण सामने आ सकते हैं।
पार्षदों ने नगर परिषद में उठाया मामला
पार्षद मोहन लाल शर्मा ने बताया कि मोहल्ले में आवारा कुत्तों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। इस संबंध में नगर परिषद अधिकारियों को शिकायत देकर क्षेत्र से आवारा कुत्तों को पकड़ने की मांग की गई है। उन्होंने प्रशासन से युवक का पता लगाकर उसका उपचार करवाने की भी मांग की है ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।
रेस्क्यू टीम को भेजा मौके पर : सिविल सर्जन
जिला सिविल सर्जन डॉ. रेनू चावला ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आया है। पुलिस प्रशासन के सहयोग से रेस्क्यू टीम को मौके पर भेजा गया है। फिलहाल उपलब्ध रिकॉर्ड में युवक के अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी नहीं मिली है।