युवती को क्लर्क लगवाने के नाम पर युवकों ने हड़पे 6.60 लाख रुपए

12/16/2019 11:34:52 AM

हिसार (ब्यूरो) : डोगरान मोहल्ला की महिला सरोज से 3 युवकों ने ननद सोनिया को एच.ए.यू. में क्लर्क लगवाने के नाम पर 6.60 लाख रुपए हड़प लिए। एक ने खुद को एच.ए.यू. का डिप्टी डायरैक्टर, दूसरे ने वी.सी. का ड्राइवर और तीसरे ने खुद को सेना का ब्रिगेडियर बताया था। एच.टी.एम. थाना पुलिस ने मुजादपुर गांव के कर्मबीर, अनिल और संदीप के खिलाफ केस दर्ज किया है। सरोज ने पुलिस शिकायत में बताया कि मुजादपुर का कर्मबीर मेरे पति भागीरथ से मिला था।

उसने कहा था कि मेरी भाजपा नेताओं और एच.ए.यू. के अफसरों से अच्छी जान-पहचान है। एच.ए.यू. में क्लर्क की नौकरी निकली हुई है। किसी को नौकरी लगवाना हो तो बता देना। मैंने पहले भी काफी बच्चों को नौकरी पर लगवाया है। मैंने चाचा ससुर की बेटी सोनिया को नौकरी लगवाने बारे कहा। पति ने कर्मबीर से बात की। कर्मबीर, अनिल और संदीप 22 सितम्बर 2018 को हमारे घर आए थे। 

उन्होंने बताया था कि हमारी एच.ए.यू. के अफसरों और भाजपा नेताओं से अच्छी जान-पहचान है। हम सोनिया को क्लर्क लगवा देंगे। आपको 10 लाख रुपए देने होंगे। फार्म वगैरह का खर्चा हम खुद वहन करेंगे। हमने 3.50 लाख रुपए पास से और 3.10 लाख रुपए ब्याज पर उठाकर उन्हें दे दिए। उन्होंने कहा था कि बाकी रुपए नौकरी लगने के बाद दे देना। उसके बाद सोनिया का कोई पेपर नहीं हुआ। हमको बाद में पता चला कि कर्मबीर, अनिल और संदीप नौकरी नहीं करते। वे नौकरी का झांसा देकर लोगों को ठगते हैं। हमने बाद में कर्मबीर से रुपए मांगे तो उसने जान से मारने की धमकी दी। 

Isha