न. नि. प्रशासन ने शुरू किया बेसहारा पशुओं को पकडऩे का अभियान

5/22/2019 11:49:34 AM

हिसार,(महेन्द्र): सड़कों पर घूमते बेसहारा पशुओं से लोगों को निजात दिलाने के लिए एक बार फिर नगर निगम प्रशासन ने मंगलवार को अभियान शुरू किया। इस बार अभियान का बीड़ा स्वयं मेयर गौतम सरदाना ने अपने जिम्मे लिया है। अपने चुनाव के दौरान भी गौतम सरदाना ने लोगों के लिए आफत बने इन पशुओं से छुटकारा दिलाने का विश्वास दिलाया था। अभियान के पहले दिन पूरे दल-बल के साथ आवारा पशुओं का गढ़ समझे जाने वाले क्षेत्र पड़ाव से गायों को पकडऩे का काम शुरू किया गया।]

इसके लिए बाकायदा ड्यूटी मैजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया। गौरतलब है कि कागजों में पिछले वर्ष ही शहर को पशुमुक्त शहर घोषित किया जा चुका है। इस मौके पर मेयर गौतम सरदाना के अलावा उप निगम आयुक्त डा. पी.के.हुड्डा, ड्यूटी मैजिस्ट्रेट के रूप में नायब तहसीलदार ललित जाखड़, मुख्य सफाई निरीक्षक सुभाष सैनी, गाय पकड़ो अभियान के इंचार्ज सत्यदेव के अलावा महेन्द्र सैनी, धर्मबीर सहित दर्जनों कर्मचारी व पुलिस कर्मचारी मौजूद रहे।

40 गाय पकड़ी गई
गाय पकड़ो अभियान के इंचार्ज सत्यदेव ने बताया कि पड़ाव क्षेत्र के अलावा जहाज पुल, जलेबी चौक व नई सब्जी मंडी क्षेत्र से आज 40 गायों को पकडऩे में सफलता पाई गई। अभियान में कई गौशालाओं का योगदान भी रहा। पकड़ी गई गायों में से 11 गायों को सनियाना की गौशाला में तथा 29 गायों को धांसु की गौशाला में भेजा गया।

एक गाय पर 99 रुपए खर्चा
नगर निगम ने गाय पकडऩे के लिए ठेका दिया हुआ है। ठेकेदार को प्रति गाय पकडऩे के बदले 99 रुपए दिए जाते हैं। इससे पहले कई बार अभियान छेड़ा गया किंतु जमीनी स्तर पर सफलता नहीं मिली। 2 बार गाय पकडऩे के दौरान ठेकेदार के कर्मचारियों से गायों के स्वामियों से झगड़ा हो गया। नौबत पुलिस थाने तक की आ गई। इसके बाद ठेकेदार ने पुलिस सुरक्षा की मांग की। कई दिनों तक अभियान ठप्प रहा। अब फिर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अभियान चलाया गया है। 

kamal