हिसार में भाजपा ने अमरिंदर व राहुल गांधी का फूंका पुतला

9/15/2021 3:44:04 PM

हिसार (विनोद सैनी): हिसार में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष कैप्टन भूपेंद्र के नेतृत्व में पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर व कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुतला फूंका। जिला कार्यालय के आगे सैकड़ों की संख्या में पहुंचकर दोनों पुतलों को आग के हवाले किया। इस मौके पर विधायक डॉ. कमल गुप्ता ने कहा कि हरियाणा किसानों के मामले में देश में अग्रणी है। हरियाणा के किसानों को देश में सबसे समृद्ध किसान माना जाता है। 

भारतीय जनता पार्टी की मनोहर सरकार न केवल सबसे ज्यादा फसलें एमएसपी पर खरीदती है बल्कि देश में सबसे ज्यादा दाम देकर किसानों के प्रति अपनी कृतज्ञता भी दर्शा रही है। दूसरी ओर पंजाब और राजस्थान किसानों के नाम पर सिर्फ राजनीति कर रहे हैं और वहां किसानों की हालत बहुत ही दयनीय है। विधायक डॉ. कमल गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस के नेताओं की भाषा गुंडों की भाषा बन चुकी है। पंजाब का मुख्यमंत्री खुले मंच से हरियाणा में गुंडागर्दी करने और अव्यवस्था फैलाने के लिए लोगों को उकसा कर अपनी चेतना शून्यता और गिरे हुए मानसिक स्तर का परिचय दे रहा है।

Content Writer

vinod kumar