दिन में पति का जन्मदिन मनाया, शाम को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

9/7/2018 2:33:30 PM

हिसार(पंकेस): दिन में पति के साथ जन्मदिन मनाने वाली युवती की शाम को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका नीलम के पिता ईश्वर सिंह वासी गुंजार ने ससुरालजनों पर हत्या का आरोप लगाया है। सदर पुलिस ने मृतका के पिता की शिकायत के आधार पर पति परमजीत, ससुर धर्मपाल, सास और जेठ अजित के खिलाफ केस दर्ज किया है। 

नीलम के पिता ईश्वर सिंह ने बताया कि उसकी बेटी की शादी 9 दिसम्बर 2016 को गांव डाबड़ा निवासी परमजीत के साथ हुई थी। परमजीत सी.आर.पी.एफ. में तैनात है। नीलम गुजवि में बी.एससी. द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। आरोप है ससुरालजन दहेज के लिए उसे तंग करते थे। हाल ही में गाड़ी की डिमांड की थी। इस बारे में 3 बार पंचायत भी हुई। 

पिछले कई दिनों से नीलम अपने मायके आई हुई थी। मंगलवार को पंचायत के बाद उसे ससुराल छोड़कर आए थे। ईश्वर सिंह ने बताया कि बुधवार शाम को उसकी बेटी का फोन आया कि उसके साथ कुछ गलत हो सकता है इसलिए वापिस ले जाए। करीब 2 घंटे बाद पति का फोन आया कि नीलम की तबीयत खराब है। जब अस्पताल पहुंचे तो नीलम की मौत हो चुकी थी। प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार जहरीले पदार्थ खाने से मौत हुई है। वहीं नीलम के ससुराल पक्ष का कहना है कि बुधवार को नीलम अपने पति के साथ शहर गई थी। परमजीत का 9 सितम्बर को जन्मदिन है। परमजीत को अपनी ड्यूटी पर जाना था इसलिए वह बुधवार को ही जन्मदिन मना रहा था। 

Deepak Paul