चीनी दूतावास की कार रखने वाले कांग्रेस नेता पर केस दर्ज

9/22/2017 3:52:47 PM

हिसार(सर्वेश): चीनी दूतावास के नाम रजिस्टर कार लेकर यहां पहुंचे कांग्रेस आई.टी. सैल के प्रदेश उपाध्यक्ष रोहतक निवासी अभिमन्यु सिलवाल के खिलाफ पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। अभिमन्यु 19 सितम्बर को चीनी दूतावास की एक कार से आई.टी. सैल वर्कशॉप में हिस्सा लेने पहुंचे थे। पुलिस ने कार को जब्त कर उसका चालान काटा था। हालांकि उस दिन पुलिस ने उसको छोड़ दिया था लेकिन 3 दिन बाद उनके खिलाफ केस दर्ज किया है।

 जानकारी के मुताबिक पुलिस द्वारा मांगे जाने पर वे कोई मान्य दस्तावेज पेश नहीं कर पाए थे। अभिमन्यु द्वारा पुलिस के समक्ष पेश किए गए एक पुराने रजिस्ट्रेशन कार्ड के मुताबिक निशान कम्पनी की ये पैट्रोल कार चीनी दूतावास के द्वितीय सचिव शेंज शेंगवे के नाम पर है। इस कार का रजिस्ट्रेशन एम्बैसी ऑफ दि पीपल्स रिपब्लिक ऑफ चाइना, चाणक्यपुरी नई दिल्ली के पते पर है। इसे 2006 में इस पते पर रजिस्टर किया गया था। रिकार्ड के मुताबिक इससे पहले ये कार रूसी दूतावास में थी। इसका रोड टैक्स भी 2014 तक का ही भरा गया था।

मैंने दिल्ली के सुंदर सिंह से ली थी कार: अभिमन्यु
कार सवार कांग्रेस नेता अभिमन्यु ने पंजाब केसरी से बात करते हुए दावा किया था कि यह कार उन्होंने दिल्ली के सुंदर सिंह सेठी से ली थी। एम्बैसी के डिप्लोमेट नंबर इस्तेमाल करने पर पूछे गए सवाल पर उन्होंने तर्क दिया था कि एम्बैसी से एन.ओ.सी. रिलीज नहीं होने के चलते यह कार उनके नाम नहीं हो पाई थी।

कार की मांगी डिटेल
सिविल लाइन पुलिस ने दिल्ली स्थित चीनी दूतावास से संपर्क कर कार से सम्बंधित तमाम जानकारी मांगी है। पुलिस ने इस बारे में एक लंबी फेहरिस्त सौंपी है। थाना प्रभारी मंदीप सांगवान ने बताया कि उन्होंने दूतावास से पूछा है कि क्या यह कार उनकी है अगर उनकी है तो इसे किसे बेचा गया था। इतना ही नहीं कार व उस पर लगे डिप्लोमेट नंबर प्लेट से सम्बंधित तमाम तरह की जानकारी मांगी गई है। दूतावास ने जानकारी मुहैया करवाने के लिए शुक्रवार तक का समय मांगा है।