डेरा प्रकरण व जाट आंदोलन के मृतकों को मिलेगी श्रद्धांजलि

10/24/2017 12:33:41 PM

चंडीगढ़ (बंसल/ पांडेय): हरियाणा विधानसभा सत्र के पहले दिन कांग्रेस ने शोक प्रस्ताव पढ़ने के दौरान डेरा प्रकरण में मृत प्रेमियों को श्रद्धांजलि देने का मुद्दा उठाया। कांग्रेस विधायक दल की नेता किरण चौधरी ने यह मुद्दा उठाया तो इनैलो ने समर्थन किया। इस मुद्दे पर सत्तारूढ़ भाजपा के विधायक मूक नजर आए। नेता प्रतिपक्ष अभय चौटाला ने सरकार से मांग की कि डेरा प्रकरण व जाट आंदोलन में मृत लोगों का नाम शोक प्रस्ताव में शामिल किया जाए। 

अभय की इस मांग को सरकार ने स्वीकार कर लिया।  सोमवार दोपहर 2 बजे विधानसभा की कार्रवाई शुरू होते ही मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और विपक्ष के उपनेता जसविंद्र संधू ने पूर्व केंद्रीय मंत्री अनिल दवे, पूर्व सांसद महंत चांदनाथ योगी, पूर्व सांसद नारायण सिंह, पूर्व सी.पी.एस. जलेब खान, पूर्व विधायक बृज मोहन, वायुसेना के पूर्व मार्शल अर्जन सिंह के अलावा विधानसभा के पिछले सत्र से वर्तमान सत्र की अवधि के दौरान मृत स्वतंत्रता सेनानियों व हरियाणा के शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि दी।

साजिश के तहत बुलाया था प्रेमियों को : ढुल
इनैलो विधायक परमिंद्र सिंह ढुल ने पंचकूला हिंसा में मृत प्रेमियों को सदन में श्रद्धांजलि देने की मांग करते हुए इसकी तुलना जलियांवाला बाग कांड से कर दी। ढुल ने कहा कि सरकार ने एक साजिश के तहत डेरा प्रेमियों को पंचकूला बुलाकर मरवाने का काम किया है।

उपकरणों की खरीद के लिए राशि अनुमोदित : विज
खेल एवं युवा मामले मंत्री अनिल विज ने मोती लाल नेहरू खेल स्कूल, राई में महिला हॉकी नर्सरी शुरू करने के प्रश्न के उत्तर में बताया कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने 11 फरवरी, 2017 को मोती लाल नेहरू खेल स्कूल, राई में 30 खिलाडिय़ों की हॉकी नर्सरी का उद्घाटन किया था। नर्सरी की स्थापना और उपकरणों की खरीद हेतु 14.02 लाख रुपए की राशि अनुमोदित की गई है। उन्होंने बताया कि मोती लाल नेहरू खेल स्कूल, राई में प्रवेश के मानदंड भिन्न होने के कारण इस महिला हॉकी नर्सरी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही खिलाड़ी इस स्कूल में दाखिले के पात्र नहीं हैं।