बेसहारा पशु, बंदर व कुत्ते पकडऩे के लिए निगम ने तेज किया अभियान

7/14/2019 12:35:57 PM

हिसार (ब्यूरो): शहर में घूम रहे बेसहारा पशु, बंदर व कुत्तों को पकडऩे के लिए निगम ने गंभीरता दिखाई है। पिछले 4 दिन में निगम ने करीब 300 से ज्यादा बेसहारा पशुओं को पकड़ा है। बेसहारा पशुओं को पकडऩे के साथ-साथ निगम अब शहर में घूम रहे बंदरों व कुत्तों को पकडऩे का अभियान चलाने जा रहा है। उपायुक्त कार्यालय की ओर से कुत्तों की बढ़ती संख्या पर रोक लगाने के लिए एक लैटर भी जारी हुआ है। लैटर में कुत्तों की आबादी पर नियंत्रण करने के लिए बनाई गई योजना की रिपोर्ट स्वास्थ्य विभाग को भेजने के भी आदेश जारी हुए हैं।

पशुपालन विभाग की ली जाएगी मदद
निगम कमिश्नर डा. जे.के. अभीर ने बताया कि कुत्तों की बढ़ती संख्या पर कंट्रोल करने के लिए पशुपालन विभाग की मदद ली जाएगी। इसके लिए जल्द ही पशुपालन विभाग के अधिकारियों के साथ एक मीटिंग की जाएगी। शहर की सामाजिक संस्थाओं के सदस्यों की भी मदद ली जाएगी। निगम अधिकारी, पशुपालन विभाग के अधिकारियों, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी व सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारियों की एक कमेटी बनाई जाएगी।

बंदर पकडऩे के लिए आएगी विशेष टीम
शहर के रिहायशी एरिया में बंदरों के आतंक से लोग काफी परेशान हैं। नगर निगम बहुत जल्द ही शहरवासियों को बंदरों के आतंक से मुक्त करने वाला है। बंदर पकडऩे के लिए निगम एक विशेष टीम को हिसार में लाएगा। निगम कमिश्नर ने बताया कि इस टीम के पास बंदर पकडऩे की विशेष तकनीक है। न.नि. बंदर पकडऩे के लिए कई बार कार्रवाई करवा चुका है।
 

Isha