नशेड़ी ने पत्नी को उतारा मौत के घाट, बेटी ने सुनाई मर्डर की कहानी

10/23/2016 1:09:42 PM

हिसार: गांव पीरांवाली में महज 100 रुपए के लिए एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की हत्या कर डाली। आरोप है कि पति शराब पीने के लिए पैसे मांग रहा था। ये पैसे न देना महिला की मौत का कारण बना। वहीं, मृतका की बेटी सुमन (6) ने पुलिस को घटनाक्रम की जानकारी दी। बच्ची ने बताया कि जब मम्मी सिर में कई डंडे लगने से बेसुध हो गई उसके बाद उसके पिता मौके से फरार हो गए। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया।

परिजनों के अनुसार मूलरूप से सिरसा के रानिया क्षेत्र निवासी सुनीता (30) का करीब 12 वर्ष पहले गांव पीरांवाली में बलविन्द्र सिंह के साथ विवाह हुआ था। परिजनों का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद बलविन्द्र नशे का आदी हो गया। वह अक्सर शराब के लिए पत्नी से पैसे की मांग करता रहता था। पैसे न देने पर पत्नी के साथ आए दिन मारपीट करता था। 2 साल पहले भी पत्नी के साथ मारपीट कर उसे घायल कर दिया था। 

पुलिस के मुताबिक बीती सायं भी बलविन्द्र ने अपनी पत्नी से 100 रुपए मांगे थे। पत्नी ने ये पैसे देने से इंकार कर दिया था। परिजनों ने बताया कि शनिवार की सुबह किसी तरह वह पैसे ले गया और शराब पीने के बाद घर लौटा। इस दौरान सुनीता खेतों में नरमे की चुगाई के लिए जाने वाली थी। आरोप है कि बलविन्द्र ने डंडे से सुनीता के सिर पर कई वार किए और घर से फरार हो गया। 

वारदात का पता चलते ही ससुर वहां पर पहुंचे और बेसुध सुनीता को संभाला। साथ ही सुनीता के पिता को फोन कर मामले की जानकारी दी। परिजन जब पहुंचे उस समय सुनीता खून से लथपथ थी। बाद में उसकी मौत हो गई। मृतका के पिता सुरजीत सिंह ने बताया कि सुनीता की 3 बेटियां थीं। बेटे के लिए बलविन्द्र अक्सर सुनीता को ताने भी मारता था। इस बात को लेकर भी दोनों में अक्सर झगड़ा होता था। वहीं, मृतका की बेटी सुमन (6) ने पुलिस को घटनाक्रम की जानकारी दी।

बच्ची ने बताया कि जब मम्मी सिर में कई डंडे लगने से बेसुध हो गई उसका पिता मौके से फरार हो गया था। सदर थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने फिलहाल मृतका के पिता सुरजीत सिंह के बयान के आधार पर पति के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।